स्वामी विवेकानंद शोध पीठ के प्रतिनिधिमंडल ने रामकृष्ण मिशन नई दिल्ली का किया दौरा
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विवि के अधीन स्थापित स्वामी विवेकानंद शोध पीठ के प्रतिनिधिमंडल ने रामकृष्ण मिशन, नई दिल्ली का दौरा किया। यह यात्रा दोनों संस्थानों के बीच सांस्कृतिक और शैक्षिक सहयोग के लिए हुए समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) का एक महत्वपूर्ण अंग रही।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विश्वविद्यालय की संयोजिका प्रो.(डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा ने किया, जबकि सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय कुमार वर्मा ने सह-नेतृत्व किया। रामकृष्ण मिशन की ओर से सचिव सर्वलोकानंद महाराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए दोनों संस्थाओं के साझा उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान शिक्षा और अध्यात्म के समन्वय पर विशेष बल दिया गया। संवाद में यह बात सामने आई कि आज की शिक्षा केवल जानकारी नहीं, बल्कि नैतिकता, सेवा और चरित्र निर्माण का माध्यम बननी चाहिए। दोनों संस्थानों ने संयुक्त रूप से संगोष्ठियाँ, शोध परियोजनाएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया। इस दौरान सुभारती विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने सर्वलोकानंद महाराज को सुभारती अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया।
प्रतिनिधियों ने शिक्षा संस्थानों में विवेकानंद केंद्र स्थापित करने और रामकृष्ण मिशन के विद्वानों द्वारा नियमित व्याख्यानों के आयोजन पर सहमति जताई। इस पहल से युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।
यह यात्रा शिक्षा और अध्यात्म के संगम की दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम साबित हुई। सुभारती विश्वविद्यालय और रामकृष्ण मिशन का यह सहयोग भारतीय सांस्कृतिक और शैक्षिक मूल्यों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत मानी जा रही है।

No comments:
Post a Comment