विवादों में घिरे ट्रैफिक इंस्पेक्टर रातों-रात हटाए गए
रेलवे रोड पर भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़े, संतोष कुमार को मिली कमान
मेरठ। लगातार विवादों में घिरे ट्रैफिक इंस्पेक्टर विनय शाही पर एसएसपी ने कार्रवाई की है। बुधवार देर रात जारी आदेश में विनय शाही से ट्रैफिक का प्रभार छीनकर संतोष कुमार को नया ट्रैफिक इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
यह कार्रवाई बुधवार रात रेलवे रोड चौराहे पर टीआई विनय शाही और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई नोकझोंक के बाद की गई। विवाद तब शुरू हुआ, जब ट्रैफिक पुलिस ने एक भाजपा कार्यकर्ता की बाइक का चालान काट दिया। जानकारी मिलने पर पार्षद अरुण मचल मौके पर पहुंचे, जिनकी बाइक का भी चालान कर दिया गया। इसके बाद भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा सहित कई कार्यकर्ता वहां एकत्र हो गए और हंगामा बढ़ गया।
विवाद की सूचना एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा तक पहुंची। उन्होंने तुरंत सीओ ट्रैफिक अभिषेक पटेल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट मिलने के बाद देर रात ही एसएसपी ने विनय शाही से प्रभार हटाकर संतोष कुमार को ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंप दी।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर विनय शाही पर पहले भी भाजपा पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कई बार शिकायतें की थीं। गोल कुआं व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने भी एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्र की मौजूदगी में उनके खिलाफ अभद्रता का आरोप लगाया था। बुधवार की घटना के बाद आखिरकार कार्रवाई की गई।एसएसपी के आदेश के बाद संतोष कुमार ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर का कार्यभार संभाल लिया। प्रशासन को उम्मीद है कि अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।


No comments:
Post a Comment