गर्लफ्रेंड की तय हुई शादी, प्रेमी पानी टंकी से कूदा, मौत
अनूपशहर।बुलंदशहर में 80 फीट ऊंची पानी टंकी से 22 साल के एक युवक ने कूद कर जान दे दी। दरअसल, वह गर्लफ्रेंड की शादी किसी और से तय होने से नाराज था। युवक मंगलवार सुबह 9.30 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसे देखकर नीचे काफी भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंचे।
सभी ने युवक को रोकने की कोशिश की। मां गिड़गिड़ाती रही कि बेटा कूदना मत। लेकिन, उसने एक न सुनी और छलांग लगा दी। वह पानी की टंकी के नीचे बने कमरे की छत पर गिरा। आंखों के सामने बेटे की जान जाती देख मां बेहोश हो गई। लोग तत्काल युवक को लेकर अस्पताल भागे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना अनूपशहर के सिरौरा गांव की है।
सिरौरा गांव में ईदा अहमद का घर है। ईदा खेती किसानी का काम करते हैं। उनके 6 बेटे हैं। एक बेटे की शादी हुई है। 4 बेटे दिल्ली रहते हैं। घर में पत्नी हुस्न बानो और बहू थी। सबसे छोटा बेटा शाहिद पढ़ता है। ईदा का पांचवें नंबर का बेटा सज्जा (22) मजदूरी करता है। जिसने सुबह पानी टंकी से कूद कर जान दे दी।
कुछ दिन पहले सज्जा का गांव की युवती से अफेयर चलने लगा। दोनों फोन पर बात करने लगे। दोनों ने शादी करने को कहा तो परिजन इसका विरोध करने लगे। सज्जा के परिजन रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन सज्जा युवती से शादी के जिद पर अड़ा था।
लड़की के घर वालों को दोनों के बारे में पता चला तो दोनों को समझाने लगे। लेकिन लड़की शादी की जिद पर अड़ी थी। इस पर लड़की के परिजनों ने लड़की की शादी दूसरे गांव में तय कर दी। जल्द ही शादी के डेट पड़ गई। सज्जा को इसके बार में पता चलने पर वह घर में सबसे कहने लगा उसके बिना नहीं रह पाऊंगा। घर वालों ने उसे बहुत समझाया। लेकिन वह एक ही जिद कर रहा था कि शादी उसी से करूंगा। इसी से नाराज वह आज सुबह घर से निकला।
घर से 250 मीटर दूर पानी टंकी के पास गया। फिर टंकी पर चढ़ गया। देखते ही गांव वालों ने रोकने की कोशिश की। गांव वाले उसे रोकने के लिए ऊपर जाने लगे तो बोला-कोई भी ऊपर आया तो मैं कूद जाऊंगा, फिर रोने लगा।
गांव वालों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन भाग कर टंकी के पास पहुंचे। उसे समझाना चाहा। मौके पर पहुंची मां ने बोला-बेटा कूदना मत इतने में वह कूद गया। गिरते ही उसकी मौत हो गई। गांव वाले जल्दी से उठा कर अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। लेकिन उससे पहले युवक टंकी से कूद चुका था। परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली गई है। पूरा मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले में पूरी छानबीन कर रही है।


No comments:
Post a Comment