कनाडा में भारतीय मूल के व्यापारी की बेरहमी से हत्या
कार पर पेशाब करने से रोकने पर अजनबी ने दिया घटना को अंजाम
एडमॉन्टन,एजेंसी। कनाडा के एडमॉन्टन शहर में एक भारतीय मूल के 55 वर्षीय व्यापारी अर्वी सिंह सागू की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने अपनी कार पर पेशाब करने वाले एक अजनबी को रोकने की कोशिश की, तो उसने अर्वी को मार डाला। यह घटना 19 अक्टूबर को घटित हुई थी। इसके बाद घायल अवस्था में सागू ने अस्पताल में पांच दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन 24 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने हमलावर की पहचान 40 वर्षीय कैल पापिन के रूप में की है, जिसे गंभीर हमले के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब सागू अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डिनर करने के बाद देर रात अपनी कार की ओर लौट रहे थे। 109 स्ट्रीट और 100 एवेन्यू के पास पहुंचते ही उन्होंने देखा कि एक अजनबी उनकी कार पर पेशाब कर रहा था। सागू ने तुरंत उसे रोका और पूछा, "हे, तुम क्या कर रहे हो?" इस पर हमलावर ने जवाब दिया, "जो मन में आए, वही कर रहा हूं।" फिर अचानक उसने सागू के सिर पर मुक्का जमा दिया। सागू जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। उनकी गर्लफ्रेंड ने तुरंत 911 पर कॉल की। एडमॉन्टन पुलिस सर्विस (ईपीएस) को हमले की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। सागू को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों की सारी कोशिशों के बावजूद पांच दिनों बाद उनकी सांसें थम गईं।
हमलावर था अज्ञात
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पीड़ित और आरोपी के बीच कोई पूर्व परिचय नहीं था और यह हमला "पूरी तरह से असंयमित" था। आरोपी पापिन को गंभीर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उसकी अगली अदालती पेशी 4 नवंबर को निर्धारित है। होमिसाइड यूनिट मामले की जांच कर रही है और अतिरिक्त आरोप लगाए जाने की संभावना है। सागू के भाई ने मीडिया को बताया कि उनका भाई एक दयालु और देखभाल करने वाला व्यक्ति था, जो अपने दो बच्चों के प्रति पूर्ण समर्पित था। उनकी मौत ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।
सागू के दोस्तों ने शुरू किया अभियान
सागू के करीबी दोस्त विंसेंट राम ने बच्चों के समर्थन के लिए एक फंडरेजर शुरू किया है, जिसमें अंतिम संस्कार, दैनिक खर्च, शिक्षा और भावनात्मक सहायता के लिए धन जुटाया जा रहा है। फंडरेजर के संदेश में लिखा है, "यह फंडरेजर एक दयालु और प्रेमपूर्ण पिता के लिए है, जो मौत के मुंह में हैं। यह सुनिश्चित करेगा कि उनके दो बच्चे इस कठिन समय में आवश्यक संसाधनों और समर्थन के साथ रह सकें।" यह घटना कनाडा में भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदायों के बीच बढ़ते डर और आक्रोश को जन्म दे रही है। यहां हाल के वर्षों में नस्लीय प्रेरित हमलों में भारी उछाल आया है।


No comments:
Post a Comment