शराबी पति की प्रताड़ना से परेशान महिला ने फांसी लगाई
परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मेरठ। रविवार को थाना लोहिया नगर क्षेत्र के अलीबाग में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय तैयबा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वही मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है। मृतका के तीन बच्चे हैं - दो बेटियां और एक बेटा।
तैयबा का निकाह 6 साल पहले दिल्ली के जोनापुर निवासी सरताज से हुआ था। सरताज ऑटो चालक है। परिवार पिछले एक साल से अलीबाग कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।रविवार शाम करीब 3:30 बजे तैयबा ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। मृतका के परिजनों का आरोप है कि सरताज शराब के नशे में पत्नी के साथ बर्बरता करता था। महिला ने कई बार इसकी शिकायत अपने परिवार से की थी। परिवार ने हर बार समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment