खंडर में चल रहा था हथियार बनाने की फैक्ट्री, एक गिरफ्तार
-पुलिस को भारी मात्रा में बने, अधबने हथियार व उपकरण बरामद किए
-दो आरोपी फरार, एक देवबंद का रहने वाला गिरफ्तारी को दो टीमें गठित
मेरठ । थाना लिसाडी गेट पुलिस ने आमिर गार्डन में एक खंडहरनुमा मकान में चल रहे अवैध हथियार बनाने के कारखाना का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी भाग गए। पुलिस को वहां से भारी मात्रा में असलहा और असलहा बनाने के उपकरण मिले हैं। पकड़ा गया मास्टरमाइंड बुलंदशहर से भी हथियार बनाने के आरोप में पिछले साल जेल गया था और जेल से छूटने के बाद साथियों के साथ वेस्ट यूपी के बदमाशों के लिए आन डिमांड हथियार बना रहा था।
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया, एसएसपी डा विपिन ताडा के निर्देश पर आपरेशन शस्त्र अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह कर रहे है। उन्होंने बताया, मंगलवार रात को एसपी सिटी को इनपुट मिला था कि आमिर गार्डन बाग गली नंबर एक के पास खंडहरनुमा मकान में अवैध हथियार बनाने का कारखाना चल रहा है। सूचना के आधार रात में ही आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई। एएसपी एवं सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन के नेतृत्व में उन्होंने पुलिस टीम के साथ खंडहरनुमा मकान में छापेमारी तो वहां तीन बदमाश हथियार बनाते मिले। पुलिस को देखकर मौके से दो बदमाश कस्मू निवासी रणखंडी गांव थाना देवबंद जिला सहारनपुर और शाहबाज निवासी आजाद कॉलोनी थाना लिसाड़ी गेट भाग गए, जबकि इरशाद निवासी आमिर गार्डन गली नंबर एक बाग के पास थाना लिसाडी गेट को पुलिस ने दबोच लिया। मौके से पुलिस को भारी मात्रा में बने व अधबने हथियार और हथियार बनाने के उपकरण मिले। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया, इरशाद मास्टरमाइंड है। पिछले साल बुलंदशहर जिले की खुर्जा नगर थाने की पुलिस ने उसे इसी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से जमानत पर आने के बाद से पिछले एक माह से वह अपने फरार साथियों के साथ मिलकर आन डिमांड हथियार बना रहा था। बताया, फरार दोनों आरोपी 10 से 20 हजार में वेस्ट यूपी के जरायम के बदमाशों को हथियार बेचते है। फरार दोनों आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई है। साथ ही इरशाद से जानकारी की जा रही है कि किन-किन लोगों को हथियार बेचे गए है। ताकि उनको भी गिरफ्तार किया जा सके।


No comments:
Post a Comment