मेरठ में तीन दिवसीय सर सैयद समारोह 16 अक्टूबर से शुरू
मेरठ ।चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के प्रेमचंद सेमिनार हॉल में सर सैयद समारोह के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अल्पसंख्यक एजुकेशनल सोसायटी, मेरठ के अध्यक्ष अफ़ाक़ अहमद ख़ान ने की।
इस अवसर पर डॉ शादाब अलीम एवं प्रो असलम जमशेदपुरी ने संयुक्त रूप से बताया कि उर्दू विभाग सर सैयद समारोह का भव्य आयोजन करने जा रहा है। जिसमें स्थानीय विद्वानों के साथ-साथ अन्य महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्वान भी भाग लेंगे। सेमिनार के अलावा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, खतौली, देवबंद, बुलंदशहर, स्याना और सहारनपुर के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में सर सैयद क्विज एवं सर सैयद व्याख्यानमाला का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में गजल गायन प्रतियोगिता एवं बैतबाजी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
सर सैयद 2025 समारोह का शुभारंभ गुरुवार, 16 अक्टूबर को प्रातः 9:00 बजे हैदर पब्लिक स्कूल, श्यामनगर, मेरठ में सर सैयद व्याख्यानमाला के साथ होगा। शुक्रवार, 17 अक्टूबर को इस्माइल इंटर कॉलेज, पुरानी तहसील, मेरठ में सर सैयद व्याख्यान एवं सर सैयद क्विज का आयोजन किया जाएगा तथा अपराह्न 3:00 बजे से उर्दू विभाग के प्रेमचंद सेमिनार हॉल में वी-कमिट सोसाइटी, मेरठ के सहयोग से बैतबाजी का आयोजन किया जाएगा। शनिवार, 18 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे से रिसर्च स्कॉलर सेमिनार, दोपहर में ग़ज़ल गायन प्रतियोगिता और शाम 4:00 बजे समापन सत्र होगा। इस बैठक में डॉ. परवीन, डॉ. अशरफ रिज़वी, सरवर बेग, हाजी नूर आलम, काज़ी ज़ैन-उल-साल्किन, रमा नेहरू, अतुल सक्सेना, बदर मेराज, फैज़ महमूद, मुहम्मद रिज़वान, इश्तियाक राणा, फरज़ाना आसिम सब्ज़वारी, मुहम्मद दानिश, हाजी सलीम सैफी शामिल हुए।


No comments:
Post a Comment