एनसीआरटीसी ने मॉकड्रिल के जरिए परखी सुरक्षा

ट्रेन में आग की स्थिति को लेकर की गई मॉकड्रिल

मेरठ। नमो भारत ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने सराय काले खां स्टेशन के पास एक मॉकड्रिल का आयोजन किया। इस ड्रिल में ट्रेन में आग लगने की आपात स्थिति का अनुकरण कर यह जांचा गया कि ऐसी स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित कैसे निकाला जाएगा। एनसीआरटीसी समय-समय पर ऐसी मॉकड्रिल आयोजित कर अपनी तैयारियों को परखता रहता है।

मॉकड्रिल में नमो भारत ट्रेन की ऑपरेशन और क्विक रेस्पॉन्स टीम के साथ-साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्थानीय पुलिस, सिविल डिफेंस, दमकल विभाग, कैट्स एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल थीं। इस दौरान ट्रेन में आग लगने की स्थिति में यात्रियों को वायडक्ट से वॉक-वे के जरिए स्टेशन तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया को परखा गया।इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य था आग जैसी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, यात्रियों की सुरक्षित निकासी और आग पर काबू पाने की तैयारियों को जांचना। ट्रेन संचालकों, कंट्रोल रूम और अग्निशमन विभाग के बीच समन्वय की भी जांच की गई। ऐसी स्थिति में बिजली आपूर्ति रोकने के लिए एमर्जेंसी ट्रिपिंग स्विच का उपयोग भी अभ्यास में शामिल था।

फर्स्ट ऐड और मेडिकल सुविधाएं

एनसीआरटीसी ने सभी स्टेशनों पर फर्स्ट ऐड की व्यवस्था की है। ट्रेन ऑपरेटरों, अटेंडेंट्स और स्टेशन स्टाफ को फर्स्ट ऐड का प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही, नजदीकी अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मेडिकल मदद मिल सके।



सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी) दुर्घटनाओं को रोकते हैं, सीसीटीवी से निगरानी होती है, और यूपीएसएसएफ/सीआईएसएफ द्वारा सामान और यात्रियों की कड़ी जांच की जाती है। ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर ट्रेनों और स्टेशनों की पल-पल की निगरानी करता है।

सुरक्षित परिवहन की प्रतिबद्धता

एनसीआरटीसी यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद परिवहन सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित मॉकड्रिल्स और सख्त सुरक्षा मानकों के पालन से यह सुनिश्चित किया जाता है कि किसी भी आपात स्थिति में टीमें तुरंत और कुशलता से कार्रवाई कर सकें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts