अतिक्रमण पर दिल्ली रोड पर भैसाली अड्डे से रेलवे रोड तक चलाया गया अभियान
मेरठ। नगर निगम का पीला पंजा गुरुवार को दिल्ली रोड के अतिक्रमण पर कहर बनकर टूटा। भैसाली बस अड्डे से रेलवे रोड चौराहे तक चलाए गए अभियान के दौरान दस्ते ने दर्जनभर से ज्यादा प्रतिष्ठानों के बाहर हुए अवैध अतिक्रमण को गिरा दिया।
कई जगह विरोध भी हुआ। हालांकि नगर निगम प्रवर्तन दल ने किसी की एक ना चलने दी। अफसरों का कहना था कि अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा है। इसे अब वृहद स्तर पर चलाया जाएगा।
मेरठ-दिल्ली के सफर को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक विभाग की ओर से एक मुहिम शुरु की गई। मुहिम का उद्देश्य शहर के भीतर से होकर जाने वाले वाहनों को जाम से मुक्ति दिलाना रहा। माना जा रहा था कि अगर सड़के जाम मुक्त हो जाएं तो इस दूरी को 15 मिनट में पूरा किया जा सकता है।
लेकिन इसके लिए जाम के प्रमुख कारणों को ढूंढकर उनका स्थाई समाधान ढूंढना होगा। तीन दिन पहले ट्रैफिक पुलिस ने निरीक्षण किया तो अतिक्रमण इस समस्या की सबसे बड़ी वजह निकलकर आई। तत्काल अतिक्रमण अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
तीन दिन में बेगमपुल से रेलवे रोड तक का सफर
अतिक्रमण के विरूद्ध ट्रेफिक पुलिस और नगर निगम का प्रवर्तन दल काम कर रहे हैं। सहयोगी की भूमिका में थाना पुलिस है। विरोध की स्थिति में थाना पुलिस एक्शन में आती है। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तीन से चार दिन में बेगमपुल से रेलवे रोड तक की दूरी तय की गई है।अभियान चलाने से पहले चेतावनी दी जाती है। इसके बाद भी अगर अतिक्रमण मिलता है तो उसे सीधे गिराकर जब्त करने का काम किया जाता है।
गुरुवार को दर्जनभर स्थानों पर कार्रवाई
गुरुवार को अभियान ने और रफ्तार पकड़ ली। कई प्रतिष्ठानों के बाहर नगर निगम के बुल्डोजर ने अतिक्रमण को ढहा दिया। इस दौरान दस्ते को विरोध व नोकझोंक का सामना तक करना पड़ा। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने किसी की एक ना चलने दी और सभी को हटा दिया। यह पहला मौका था जब 10 साल पुराने अतिक्रमण तक पर निगम के पीले पंजे ने कहर बरपाया। सख्ती को देखकर लोग खुद ही सामान समेटने में जुट गए।
रेलवे रोड पर एक साथ कई खोखे गिराए
रेलवे रोड चौराहे पर डीएन कॉलेज के सामने वाली लाइन में एक खोखा जाम की वजह बन रहा था। दस्ते ने कार्रवाई की कोशिश की तो खोखा संचालक उलझ गया। वह राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करने लगा। इसके बाद नगर निगम की टीम ने देरी नहीं की और बुल्डोजर से खोखे को धराशायी कर दिया। यहां कई और खोखे व दुकानों के बाहर सड़क तक फैली टीन शेड गिरा दी गईं।
जल्द मुकदमे की शुरु होगी कार्रवाई
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पूरे महीने अभियान जारी रहेगा। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण करेंगे तो मुकदमे की कार्रवाई शुरु की जाएगी। बेहतर होगा कि अतिक्रमण करने से बचें।


No comments:
Post a Comment