भारत पर ट्रम्प का बड़ा फैसला: रूसी तेल खरीद पर अमेरिका ने लगाया 25% एक्स्ट्रा टैरिफ, अब 50 प्रतिशत हुआ, 27 अगस्त से होगा लागू
वॉशिंगटन/नई दिल्ली,एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर एक और कड़ा आर्थिक प्रहार करते हुए 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का एलान किया है। इस फैसले को लेकर बुधवार को ट्रम्प ने एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर कर दिए, जो अब 21 दिन बाद यानी 27 अगस्त 2025 से लागू होगा। इस टैरिफ के लागू होते ही भारत से अमेरिका में निर्यात होने वाले कुछ उत्पादों पर कुल 50% शुल्क लग जाएगा।
ट्रम्प प्रशासन ने इस आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया है कि भारत द्वारा रूस से तेल आयात करना यूक्रेन के खिलाफ रूसी युद्ध मशीन को “ईंधन” दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि यह निर्णय भारत की उस नीति के विरोध में लिया गया है, जिसके तहत वह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल खरीदकर उसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है।ट्रम्प ने एक बयान में कहा,“भारत रूस से व्यापार कर यूक्रेन युद्ध को बढ़ावा दे रहा है। यह अमेरिका के हितों के खिलाफ है, इसलिए हमें सख्त कदम उठाने की जरूरत है।”
पहले से लागू है रूसी तेल पर अमेरिकी बैन
अमेरिका ने पहले ही मार्च 2022 में रूस से तेल और उससे जुड़े उत्पादों के आयात पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। लेकिन अब ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि भारत द्वारा उसी रूसी तेल को खरीदना अप्रत्यक्ष रूप से रूस की मदद करने जैसा है
छूट की गुंजाइश भी
हालांकि एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में कुछ छूट भी दी गई हैं। उदाहरण के लिए अगर कोई सामान पहले ही समुद्र में लद चुका है और रास्ते में है, या अगर वह कुछ विशेष तिथि से पहले अमेरिका पहुंच जाता है, तो उस पर यह टैरिफ लागू नहीं होगा।
व्यापारिक संबंधों पर पड़ेगा असर
भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंध पहले से ही कई मसलों पर तनाव में हैं। अब इस अतिरिक्त टैरिफ के चलते भारतीय निर्यातकों को बड़ा नुकसान हो सकता है, खासकर उन उत्पादों को जो अमेरिका में पहले ही भारी टैक्स के साथ भेजे जा रहे हैं।
No comments:
Post a Comment