रैपिड रेल स्टेशन का नाम बदलने पर महापौर की आपत्ति
जो चौराहे का नाम, स्टेशन का नाम भी वही होना चाहिए
मेरठ। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने रैपिड रेल स्टेशन का नाम बेगमपुल रखने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में बेगम पुल चौराहे का नाम बदलकर भारत माता चौक रखा गया था, इसलिए रैपिड रेल स्टेशन का नाम भी भारत माता स्टेशन होना चाहिए।
जैसे ही पार्षदों ने महापौर को इस बारे में सूचित किया, वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने एनसीआरटीसी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को बुलाया। महापौर ने नगर निगम सदन की बैठक में पार्षद अजय चंद्रा द्वारा 20 जून 2025 को प्रस्तुत प्रस्ताव का उल्लेख किया। इस प्रस्ताव में बेगम पुल का नाम बदलकर भारत माता का चौक रखने की बात कही गई थी। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था। महापौर ने एनसीआरटीसी के अधिशासी अभियंता को नगर निगम सदन की बैठक की कार्यवृत्ति की प्रति सौंपी। इसमें नाम परिवर्तन का उल्लेख किया गया था। अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि यह प्रति उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
महापौर का मानना है कि रैपिड रेल स्टेशन का नाम स्थानीय पहचान और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाना चाहिए। भारत माता चौक नाम से एकता और समरसता का संदेश जाता है। महापौर ने रैपिड रेलवे स्टेशन और चौराहे का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तित होने के बाद ही स्टेशन का संचालन किया जाएगा। एनसीआरटीसी को अब रैपिड रेल स्टेशन का नाम बदलने की प्रक्रिया पर विचार करना होगा। उन्हें महापौर की आपत्ति और अनुरोध पर उचित निर्णय लेना होगा।
No comments:
Post a Comment