अमेठी में दलित युवक की गला रेतकर हत्या

हाथ-पैर बंधे, मुंह में कपड़ा ठुंसा मिला शव 

 अमेठी। अमेठी में  रामा चौहान गांव एक दलित युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह 5 बजे पड़ोसी के पशुबाड़े में पड़ा मिला। युवक के दोनों हाथ-पैर बंधे हुए थे। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शव पर कंबल और पॉलीथीन डालकर छिपाने की कोशिश की गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल आरंभ कर दी है। 

अमेठी के पूरे रामा चौहान गांव के रहने वाले सिद्धार्थ मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी संगीता देवी, बेटा सागर और दो बेटियां आरती और स्वाती एसडीएम कॉलोनी में ही रहते हैं। बड़ी बहन आरती ने बताया- भाई सागर ने मंगलवार रात 11 बजे परिवार के साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद रोज की तरह ही बिस्तर लेकर छत पर सोने चले गए।परिजनों के मुताबिक, युवक मंगलवार रात खाना खाने के बाद छत पर सोने गया था। सुबह छोटी बहन ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 

ग्रामीणों का कहना है- युवक पड़ोस में ही रहने वाली लड़की से प्यार करता था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था। लड़के की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। उसकी मंगेतर ने बताया कि युवक ने एक संदिग्ध वीडियो बनाया था।मृतक की बड़ी बहन आरती ने बताया- मां की अक्सर तबीयत खराब रहती है। सुबह भाई को मां की दवा लेने के लिए जाना था। हम सुबह 4 बजे भैया को उठाने छत पर गए तो वे वहां नहीं थे। हमें लगा शौच के लिए बाहर निकले होंगे। आधे घंटे तक नहीं लौटे तो हमने कॉल की। मगर उनका फोन स्विच ऑफ मिला । 

परिजनों ने बताया- पड़ोसी रवींद्र सिंह के पशुबाड़े से लगातार भैंसों की आवाज आ रही थी। हमने पास जाकर देखा तो सागर का शव बाड़े के अंदर पड़ा हुआ था। उसके हाथ-पैर बंधे और गला रेता हुआ था। शव को बोरी और पॉलीथिन से छिपाने की कोशिश की गई थी।

ग्रामीण बोले- रात में पड़ोस की लड़की से मिलने गया था

आसपास के रहने वाले लोगों ने बताया- सागर पड़ोस में रहने वाले दलित परिवार की लड़की से एकतरफा प्यार करता था। रात में वह लड़की से चोरी छिपे मिलने भी गया था। दोनों के रिश्ते को लेकर लड़की के परिवार से उसका पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मगर इसके बाद भी दोनों मिलते रहते थे।

मंगेतर ने कहा- सागर ने संदिग्ध युवक का वीडियो बनाया था

बड़ी बहन आरती ने बताया- सागर 12वीं तक पढ़ा था। वह नौकरी के सिलसिले में बुधवार को ही दिल्ली जाने वाला था। सागर की शादी प्रतापगढ़ के गोसाई का पुरवा, लालगंज की रहने वाली मोहिनी से तय हुई थी।

मंगेतर ने बताया- एक महीने पहले सागर ने मुझे एक वीडियो भेजा था, जिसमें एक युवक रात में बाइक से आता है और एक घर में घुसता है। सागर ने यह वीडियो बनाया था। मंगलवार रात 8 बजे सागर से आखिरी बार बात हुई थी। उसने कहा था- नींद आ रही है, सुबह बात करेंगे। फिर फोन काट दिया था।

पड़ोसी का दावा- हमें भी सुबह पता चला

जिस पड़ोसी रवींद्र सिंह के पशुबाड़े में सागर का शव मिला, उन्होंने बताया कि मुझे भी घटना की जानकारी सुबह हुई। ग्रामीणों का मानना है कि शव को हत्या के बाद वहां लाकर फेंका गया।

परिजन और मंगेतर हत्या को पूर्व नियोजित साजिश मान रहे हैं। सागर को बुधवार को दिल्ली जाना था, उसका टिकट भी बुक था। परिजनों का आरोप है कि सागर की हत्या पूरी प्लानिंग से की गई, जिसके बाद शव को पड़ोसी के यहां रख दिया गया।

 गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स लगाई

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया- आज सुबह पीआरबी को सूचना मिली कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे रामा चौहान गांव में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों से मिली तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts