तीन वरिष्ठ अफसरों सहित पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले

आशीष तिवारी होंगे सहारनपुर के नए एसएसपी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा पुलिसिया फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने रविवार को तीन वरिष्ठ आईपीएस अफसरों सहित कुल पांच अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में हाल ही में डीजी पद पर प्रोन्नत हुए एसबी शिरडकर को अहम जिम्मेदारी दी गई है, वहीं सहारनपुर और लखनऊ जोन में भी नए कप्तान और एडीजी की नियुक्ति की गई है।

लखनऊ जोन के एडीजी रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबी शिरडकर को महानिदेशक, पुलिस प्रोन्नति एवं भर्ती बोर्ड के पद पर तैनात किया गया है। यह बोर्ड पुलिस विभाग में पदोन्नति और नई भर्तियों के लिए जिम्मेदार है, ऐसे में यह जिम्मेदारी बेहद अहम मानी जा रही है।

एडीजी पीएसी व लखनऊ जोन में भी बदलाव

एडीजी पीएसी सुजीत पांडेय को एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है, जबकि एडीजी पीटीसी सीतापुर आरके स्वर्णकार को एडीजी पीएसी के पद पर तैनात किया गया है। इन दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण प्रशासनिक संतुलन और बेहतर कानून व्यवस्था के मद्देनजर किया गया है।

सहारनपुर में कप्तान बदला

सीआईडी में तैनात एसपी आशीष तिवारी को एसएसपी सहारनपुर के रूप में नियुक्त किया गया है। आशीष तिवारी तेज-तर्रार और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने लखनऊ, गोंडा और बलिया जैसे जिलों में अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय कार्य किया है। वहीं, अब तक सहारनपुर के एसएसपी रहे रोहित सिंह सजवाण को डीजीपी मुख्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

अभी और होंगे तबादले

गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में कई एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए जाएंगे। शासन स्तर पर इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts