खतरा बनता माइक्रोप्लास्टिक
इलमा अज़ीम
प्लास्टिक प्रदूषण पूरी दुनिया के समक्ष एक गंभीर पर्यावरणीय समस्या के रूप में उभर रहा है और पर्यावरण में घुले प्लास्टिक के सूक्ष्म कण (माइक्रोप्लास्टिक) तो मनुष्य के शरीर के भीतर पहुंचकर स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्लास्टिक से बनने वाले उत्पादों का जाने-अनजाने जब क्षरण होता है, तो इससे सूक्ष्म प्लास्टिक कण टूटकर गिरते हैं, जिन्हें माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है। माइक्रोप्लास्टिक धीरे-धीरे मिट्टी और पानी को प्रदूषित करके पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरे हैं।
इसके हवा व पेड़-पौधों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी कई अध्ययन सामने आए हैं। पिछले दिनों एक अध्ययन में मनुष्य के मस्तिष्क में प्लास्टिक के नैनो कणों के पहुंचने पर चिंता जतायी गई थी। दावा था कि प्रतिदिन सैकड़ों माइक्रोप्लास्टिक कण सांसों के जरिये हमारे शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। सर्वविदित है कि दिल्ली दुनिया की सबसे ज्यादा प्रदूषित राजधानी है। कमोबेश देश के कई अन्य शहर भी दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हैं।
प्रदूषण के कारण प्लास्टिक कण हमारी जीवन प्रत्याशा को घटा रहे हैं और कैंसर जैसे कई घातक रोग साथ में दे रहे हैं। विडंबना देखिये न तो सरकारें इस गंभीर संकट के प्रति सचेत हैं और न ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जनता जागरूक है। वहीं मुफ्त की रेवड़ियों की आस रखने वाले मतदाता इस गंभीर संकट को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कभी नहीं करते। संकट तो यहां तक बढ़ गया है कि प्लास्टिक के कण पौधों की प्रकाश संश्लेषण प्रक्रिया को प्रभावित करने लगे हैं, जिससे खाद्य श्रृंखला में शामिल कई खाद्यान्नों की उत्पादकता में गिरावट आ रही है। ऐसा निष्कर्ष अमेरिका-जर्मनी समेत कई देशों के साझे अध्ययन के बाद सामने आया है। दरअसल, प्लास्टिक कणों के हस्तक्षेप के चलते पौधों के भोजन सृजन की प्रक्रिया बाधित हो रही है।
इस तरह माइक्रोप्लास्टिक की दखल भोजन, हवा व पानी में होना मानव अस्तित्व के लिये गंभीर खतरे की घंटी ही है। जिसे बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि देश में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध के बावजूद ये खुलेआम बिक क्यों रहा है? दुकानदारों व उपभोक्ताओं को तो इसके उपयोग पर दंडित करने का प्रावधान है, लेकिन सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादित करने वाले उद्योगों पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जाता? संकट का एक पहलू यह भी है कि लोग सुविधा को प्राथमिकता देते हैं,लेकिन प्लास्टिक के दूरगामी घातक प्रभावों को लेकर आंख मूंद लेते हैं।
माइक्रोप्लास्टिक गर्भवती महिलाओं में फेफड़ों से लेकर दिल, दिमाग और भ्रूण के अन्य अंगों को तेजी से नुकसान पहुंचा सकते हैं। बहरहाल, माइक्रोप्लास्टिक को इंसानी शरीर में जाने से रोकने का सबसे बेहतर और कारगर तरीका सिर्फ यही है कि प्लास्टिक का निर्माण और उपयोग न्यूनतम किया जाए। यह संकट हमारी जिम्मेदार नागरिक के रूप में भूमिका की जरूरत भी बताता है।
लेखिका के अपने विचार है लेखिका एक स्वतंत्र पत्रकार
No comments:
Post a Comment