पड़ोसी से बढ़ा तनाव तो देश ने कसी कमर

सेना प्रमुखों संग बैठक कर रक्षामंत्री ने की समीक्षा
 रणनीति और सैन्य तैयारियों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली (एजेंसी)।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की। यह समीक्षा बैठक भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की पाकिस्तान की हालिया कोशिशों को नाकाम करने के एक दिन बाद की गई। बताया जा रहा है कि बैठक में उभरती सुरक्षा स्थिति के हर पहलू पर चर्चा की गई। बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी शामिल हुए।
इस बैठक में आतंकवादियों के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में पाकिस्तान के कारण सीमावर्ती इलाकों में उत्पन्न हुई पूरी स्थिति की समीक्षा की गई। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगे की रणनीति और सैन्य तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
भारतीय सैन्य अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों को प्रभावी ढंग से नाकाम कर दिया और दुश्मन के प्रयासों को विफल कर दिया। भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की पाकिस्तान की ताजा कोशिशें इसी तरह की कोशिश के 24 घंटे से भी कम समय बाद सामने आई हैं।
भारतीय रक्षा बलों ने शुक्रवार की सुबह जम्मू को ड्रोन और अन्य हथियारों से निशाना बनाने की पाकिस्तान की एक और कोशिश को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान जम्मू को निशाना बनाने की पहली बड़ी कोशिश के कुछ ही घंटों बाद सीमा पार से यह हमला शुक्रवार को सुबह करीब 3.50 बजे हुआ। इसके बाद भारतीय सेना करारा जवाब दिया। सुबह 4.45 बजे तक बीच-बीच में धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, हर बार सायरन बजते रहे।
इससे पहले गुरुवार दोपहर को रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने मिसाइलों और ड्रोन का उपयोग करके देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 15 शहरों में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की पाकिस्तान की कोशिशों को नाकाम कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts