नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान गिरफ्तार
गडकरी के खिलाफ लड़ चुका है लोकसभा चुनाव
नई दिल्ली (एजेंसी)। नागपुर में सोमवार को भड़की हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शमीम खान पर आरोप है कि उसने लोगों को हिंसा के लिए भड़काया था। कोर्ट ने उसे 21 मार्च तक कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस ने फहीम खान सहित 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दावा किया है हिंसा भड़काने के लिए मुख्य आरोपी 38 वर्षीय फहीम शमीम खान का हाथ है। वो माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का नागपुर अध्यक्ष है। फहीम खान ने साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वो नागपुर के संजय बाग कॉलोनी यशोधरा नगर का रहने वाला है। चुनाव 2024 में नितिन गडकरी से 6.5 लाख से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हार गया था। उसे 1073 वोट मिले थे।
महाराष्ट्र से औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग करते हुए सोमवार को विहिप एवं बजरंग दल जैसे हिंदू संगठनों के राज्यव्यापी प्रदर्शन की प्रतिक्रिया में नागपुर में कई जगहों पर हिंसक घटनाएं घटी। इस मामले में पांच एफआइआर दर्ज की गई है और करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है।
No comments:
Post a Comment