लखनऊ एयरपोर्ट का रनवे बंद होने से यात्रियों ने मांगा रिफंड
5 महीने में 1.8 लाख लोगों की यात्रा होगी प्रभावित
लखनऊ। लखनऊ एयरपोर्ट रनवे मरम्मत के कारण बंद कर दिया गया है। इससे कुल 118 फ्लाइटें शाम छह से सुबह 10 बजे के बीच में ही आवाजाही कर रही हैं। पहले ही दिन शाम पौने छह बजे के करीब एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ हो गई। इस दौरान आठ हजार से अधिक यात्रियों ने रिफंड मांगा है। मार्च से मध्य जुलाई तक रनवे बंद रहने से करीब 1.8 लाख यात्री प्रभावित हुए हैं।
20 हजार से अधिक यात्रियों ने एडवांस टिकट बुक कराए थे। उनकी फ्लाइटें या तो निरस्त करनी पड़ी, या उनके समय में परिवर्तन कर दिया गया। कई गंभीर मरीज भी इनमें शामिल हैं। मुम्बई, दिल्ली या हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में अप्वाइंटमेंट लिया हुआ था।फ्लाइट के समय में परिवर्तन के बाद उनके जाने का उद्देश्य ही खत्म हो गया। कई की जरूरी मीटिंग थी तो कई को किसी समारोह में शामिल होना था। ऐसे सभी लोग टिकट निरस्त करा कर रिफंड लेना चाह रहे हैं। इनकी संख्या काफी ज्यादा है।शाम को रनवे 6 बजे खुल गया, लेकिन दूसरे स्थानों से फ्लाइटें आने में समय लगा। ऐसे में बोर्डिंग 6:30 के बाद ही शुरू हुई। इसके बाद मात्र 10 मिनट के अंतर पर कई फ्लाइटें होने की वजह से बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पहुंच गए।
सुरक्षा जांच के बाद जहां से बस के जरिए विमान तक पहुंचते हैं, उस स्थान पर धक्का मुक्की जैसी स्थिति हो गई। सीआईएसएफ ने किसी तरह यात्रियों को कतार में लगाते हुए व्यवस्था संभाली। साथ ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी अपने 150 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। कुल 16 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। इनमें 9 फ्लाइटें इंडिगो की हैं। दिल्ली, मुंबई और इंदौर की फ्लाइट्स कम की गई हैं। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) प्रशासन ने एक मार्च से नया शेड्यूल जारी किया है।
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, 132 विमान का संचालन शाम 6 से सुबह 10 तक होगा। नए टर्मिनल T-3 के निर्माण के बाद अब रनवे के समानांतर टैक्सी-वे भी बनाया जा रहा है। इसके लिए डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन से अनुमति ली जा चुकी है।यह मेंटेनेंस जरूरी है, इससे रनवे पहले से ज्यादा आधुनिक और सुरक्षित हो जाएगा। नया रनवे यूपी का सबसे मॉडर्न रनवे होगा, जिसमें टेक-ऑफ और लैंडिंग में कम समय लगेगा और इंटरनेशनल फ्लाइट्स की संख्या बढ़ने का रास्ता साफ होगा।
No comments:
Post a Comment