मकर संक्रांति पर मौसम ने फिर मारी पलटी बरेली समेत आसपास के जिलों में छाया कोहरा
बरेली (एजेंसी)।बरेली में दो दिन धूप के बाद मंगलवार को फिर से मौसम के मिजाज में तब्दीली आ गई। मकर संक्रांति पर तड़के चार बजे से ही घना कोहरा छा गया। दोपहर 12 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। इससे पूर्व पश्चिमी विक्षोभ घिरने से शनिवार को रातभर हुई बारिश से वातावरण में नमी का स्तर 97 फीसदी पहुंच गया था। सोमवार को दिनभर धूप खिली रही। न्यूनतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।
बदायूं में मकर संक्रांति पर मंगलवार को इस सीजन में अब तक का सबसे ज्यादा कोहरा दिखाई दिया। सुबह दस बजे तक सड़कों पर जबरदस्त कोहरा रहा। जिस कारण लोगों को वाहन लाइट जलाकर चलाना पड़ा।
शाहजहांपुर में तीन दिन धूप खिलने के बाद मंगलवार की सुबह कोहरे की घनी चादर में लिपटी नजर आई। कोहरे के कारण दृश्यता 30 मीटर रह गई। न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। पश्चिमी हवा चल रही है। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। बादल भी छाए हुए हैं।
लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार सुबह शहर समेत सभी ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा दिखा। कई स्थानों पर तो दृश्यता शून्य रही, जिसके चलते हाईवे पर वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतें हुईं। सुबह तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज और कल घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मकर संक्रांति पर घने कोहरे के बीच शारदा नदी तट पर लोगों ने स्नान कर पूजन किया।
पीलीभीत में दो दिन धूप खिलने के बाद मंगलवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। तड़के से ही कोहरे की चादर तन गई। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार कम हो गई। चालक लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन ले जाते दिखे। गलन ने भी लोगों को परेशान किया। सुबह के समय दृश्यता 30 से 40 मीटर रही।
No comments:
Post a Comment