सहारनपुर में दरवाजे से आवाज लगाई, निकलते ही 7 गोलियां मारीं
सहारनपुर।
सहारनपुर में प्रॉपर्टी डीलर की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर रात दो बदमाश घर पहुंचे। कमरे के दरवाजे पर खड़े होकर प्रॉपर्टी डीलर के बारे में पूछा। प्रॉपर्टी डीलर के बोलते ही कमरे में घुसे और कमर से पिस्टल निकालकर प्रॉपर्टी डीलर को 7 गोलियां मारीं।बेटे ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, मगर बदमाशों ने धक्का देकर दरवाजा खोल दिया। आवाज सुनकर पत्नी कमरे से दौड़ते हुए पहुंची। देखा तो बेटा चीख रहा था। पति खून से लथपथ पड़े थे। वह चिल्लाने लगी। यह देखकर बदमाश पैदल ही भाग गए।प्रॉपर्टी डीलर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की सूचना मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल की। आरोपी सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। दो टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई गईं हैं। मामला थाना गागलहेड़ी का है।
पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुरेश राणा परिवार संग रहते थे। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बेटे यश राणा के मुताबिक, रात करीब 8 बजे 2 बदमाश घर पहुंचे। मेन गेट खुला था, तो अंदर घुस गए। पिता और वह गेट के सामने वाले कमरे में थे। हम दोनों बिस्तर पर लेटे हुए थे।
कमरे में घुसते ही बदमाशों ने पूछा काका राणा कौन है? इस पर पिता ने कहा, कौन हो भाई? यह सुनते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश गोली चलाते हुए कमरे की ओर बढ़ने लगे।बेटे ने बेड से उतरकर दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन दोनों बदमाशों ने धक्का दे दिया। इससे गेट पूरा खुल गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश भागने लगे। गोलियों की आवाज सुनकर मां भी पहुंच गईं।
बदमाशों का 200 मीटर पीछा किया
यश ने बताया कि शोर मचाते हुए मैं और मेरी मां बदमाशों के पीछे भागे। करीब 200 मीटर तक उनका पीछा किया, लेकिन बदमाशों को पकड़ नहीं पाए। पड़ोस में रहने वाले उसके मामा भी आ गए। पिता को कार में बैठाया।उन्हें लेकर जिला अस्पताल निकला। रास्ते में पापा ने मुझसे पानी मांगा, लेकिन कार में पानी नहीं था। इसलिए उन्हें पानी नहीं पिला पाया। घर से जिला अस्पताल की दूरी 12 किलोमीटर है। जब अस्पताल पहुंचा तो पापा की सांसें चल रही थीं। हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इधर, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिंक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी खंगाले। एक सीसीटीवी में दोनों हमलावर पैदल जाते दिखाई दिए। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों को तलाश में जुटी है।बेटे यश ने बताया कि दोनों में से एक बदमाश मुंह बांधे हुए था। बदमाश उनके पिता को नहीं जानते थे, इसीलिए उन्होंने कमरे में घुसते ही पिता के बारे में पूछा था। मेरे पिता के बोलते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाशों की उम्र 25-30 साल रही होगी।
प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी ने अपने भाइयों पर हत्या का शक जताया। पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर उसके भाइयों से सुरेश का विवाद चल रहा था। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment