एक साल से धरना दे रहे कर्मचारियों के टैंट में शरारती तत्वों ने लगाई आग
मेरठ। गढ़ रोड स्थितगांधी आश्रम परिसर में एक साल से धरना दे रहे कर्मचारियों के टेंट में रविवार रात को शरारती लोगों ने आग लगा दी। आग से टेंट, तख्त और दूसरा सामान जलकर राख हो गया। टेंट में सोए कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी बाल-बाल बच गए। कर्मचारियों ने गांधी आश्रम प्रबंध समिति के पदाधिकारियों पर आग लगाने का शक जाहिर करते हुए नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
कर्मचारियों ने बताया कि क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम कर्मचारी संगठन का भ्रष्टाचार के खिलाफ सांकेतिक धरना 9 अक्टूबर 2023 से चल रहा है। कर्मचारी संस्था के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी संगठन के संरक्षक अनंत कौशिक ने बताया कि रात को वह धरना स्थल पर टेंट में सो रहे थे।
रात 2 बजे शरारती लोगों ने आग लगा दी। उनकी आंख खुली तो टेंट जल रहा था। वे तुरंत बाहर भागे। आग की सूचना कर्मचारियों को दी। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई। कर्मचारी चंद्रशेखर गुप्ता, भोला यादव, कमलेश कश्यप, जुगनू यादव, मयंक कौशिक, अनुज, पार्थ और तारकेश्वर ने बताया कि उन्हें आशंका है कि संस्था के पदाधिकारियों ने आग लगवाई है। कर्मचारियों का कहना है कि उनका धरना जारी रहेगा।
No comments:
Post a Comment