कर्मचारियों ने बाहर भाग कर बचाई जान,
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र रिठानी स्थित अशोक दलिया फैक्ट्री में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह फैक्ट्री से बाहर दौड़कर अपनी जान बचाई और मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।लेकिन तब तक आग से लाखों रुपए का माल जलकर राख हो चुका था।
शास्त्रीनगर के रहने वाले अशोक की रिठानी के इंडस्ट्रियल एरिया में अशोक इंडस्ट्रीज के नाम से दलिया बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में दो शिफ्ट में करीब तीन दर्जन लोग काम करते हैं। बुधवार देर रात फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। जिसके बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह फैक्ट्री से दौड़ लगाकर अपनी जान बचाई।
मामले की जानकारी फैक्ट्री के मालिक अशोक को दी। जानकारी मिलते ही अशोक फैक्ट्री पहुंचे और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। फैक्ट्री के कर्मचारियों के साथ मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फैक्ट्री मालिक अशोक ने बताया कि आग के कारण उनकी फैक्ट्री में मौजूद लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस कारण लगी है जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment