तालिबानी सजा 

अवैध संबध के चलते महिला को पेड़ से बांध कर मुंह पर पोती कालिख 

   गांव में पहुंच कर पुलिस ने पंद्रह लोगों को गिरफ्तार किया

 प्रतापगढ,एजेंसी। यूपी के प्रतापगढ़ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक गांव की पंचायत ने एक तुगलकी फरमान जारी करते हुए प्रेमी-प्रेमिका के साथ बेरहमी की सारी हदों को पार कर दिया। गांव वालों ने महिला का सिर मुंडवा कर मुंह पर कालिख पोत कर उसे पूरे गांव में घुमाया। गांव के ही लड़के से अवैध संबंधों के चलते गांव वाले काफी नाराज थे। नाराज ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर दोनों के मुंह पर कालिख पोत दी और बाल काटने का फरमान जारी कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 

मामला हथिगवां थाना क्षेत्र के छोटकी इब्राहिमपुर गांव का है। एक महिला के तीन बच्चे हैं बड़ा बेटा करीब 12 साल का है और दो छोटी बेटियां हैं। महिला का पति मुंबई में रहकर नौकरी करता है। आरोप है कि महिला के अवैध संबंध गांव के ही एक युवक से हैं। यह बात धीरे-धीरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई लेकिन युवक का महिला के घर आना जाना बंद नहीं हुआ। गांव का माहौल खराब न हो इसको लेकर लोगों ने अवैध संबंधों पर रोक लगाने की बात कही, लेकिन दोनों के बीच संबंध जारी रहा।

इस बात को लेकर कई बार पहले भी पंचायत हो चुकी थी। रविवार को ग्रामीणों ने फिर इस मामले पर पंचायत की। दोनों के अवैध संबंधों को गांव के मान सम्मान से जोड़ते हुए दोनों को दंडित करने का फरमान सुनाया गया। पेड़ से बांधकर महिला और उसके प्रेमी के मुंह पर कालिख पोती गई फिर उनके बाल काटने का निर्णय लिया गया। यह सुनकर पंचायत में मौजूद प्रेमी ग्रामीणों के चंगुल से भाग निकला। ग्रामीणों ने विवाहिता को पकड़ लिया और बगीचे में ले जाकर पेड़ से बांध दिया। उन्होंने महिला के मुंह पर कालिख पोत दी और उसके सारे बाल भी काट दिए।

वही ग्रामीणों के चंगुल से छूटकर भागे प्रेमी ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पंचायत में शामिल दर्जन भर से ज्यादा ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है। महिला के कटे हुए बाल पुलिस ने बरामद कर लिए हैं और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।लोगों को पुलिस थाने लेकर आई और उनसे पूछताछ कर रही है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें महिला के बच्चे यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि उन्होंने ही अपनी मां को पेड़ से बांधा है और मुंह पर कालिख पोती है, लेकिन छोटे-छोटे बच्चे इस घटना को कैसे अंजाम दे सकते हैं इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




No comments:

Post a Comment

Popular Posts