मोदी जी क्या अब संसद में देश की 80% जनता को गालियां दी जाएंगी?
अनुराग ठाकुर के बयान पर प्रियंका गांधी ने पूछा सवाल
नयी दिल्ली। लोकसभा में चल रहे मानसून सत्र के छठे दिन बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर के भाषण के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लोकसभा में जिसको अपनी जाति का पता नहीं…” ,वाले भाषण पर राहुल गांधी के बाद अब पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने देश की 80 प्रतिशत जनता का अपमान किया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह सब उनके कहने पर हुआ है? प्रियंका गांधी वाड्रा ने ठाकुर के भाषण का एक वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, सामाजिक-आर्थिक-जातीय जनगणना इस देश के 80 प्रतिशत लोगों की मांग है। आज भरी संसद में कहा गया कि जिनकी जाति का पता नहीं, वे गणना की बात करते हैं।
प्रियंका गांधी ने सवाल किया, क्या अब देश की संसद में देश की 80 प्रतिशत जनता को गालियां दी जाएंगी। नरेंद्र मोदी जी को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह उनके कहने पर हुआ है? कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की जाति शहादत है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि अनुराग ठाकुर ने संसद में राहुल गांधी के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया वो शब्द आज देश के कानों में गूंज रहे हैं, लेकिन इससे बीजेपी का असली चेहरा सामने आ गया।
अनुराग ठाकुर ने क्या कहा है?
लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों द्वारा की जा रही जनगणना करवाने की मांग का मुद्दा उठाया, जिसमें उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा जिन्हें अपनी जाति का पता नहीं वो देश में जनगणना की मांग कर रहे हैं। बीजेपी नेता की इस टिप्पणी के बाद से कांग्रेस और सहयोगी दलों के सदस्य हंगामा करने लगे।
No comments:
Post a Comment