भाजपा ने रचा इतिहास, चौथी बार किया सीट पर कब्जा

अरुण गोविल ने सपा गठबंधन की सुनीता वर्मा को हराया

मेरठ। मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर भाजपा ने इतिहास रच दिया है। इस सीट पर लगातार चौथी बार भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने जीत हासिल करके सबको चौंका दिया है। 2009, 2014, 2019 के बाद अब 2024 में भाजपा ने इस सीट पर अपना परचम लहराया।

मंगलवार को मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय में मतगणना में पूरे दिन जीत और हार का पलड़ा भाजपा के अरुण गोविल और सपा गठबंधन की प्रत्याशी सुनीता वर्मा के इर्द गिर्द घूमता रहा। बेशक, भाजपा को इतने बड़े अंतर से जीत हासिल नहीं हुई जितना कि वह सोच रही थी और मतगणना के पूरे समय भी भाजपाई परेशान दिखे। सुनीता वर्मा लगातार भाजपा खेमे में उदासी लाती रही। आखिरकार भाजपा के हिस्से में जीत आयी। जीत के साथ ही भाजपा ने इतिहास भी रच दिया। मेरठ लोकसभा सीट पर अभी तक कांग्रेस के शाहनवाज खान ने लगातार तीन बार 1952, 1957 व 1962 में जीत हासिल की थी, लेकिन वह कांग्रेस की ओर से लगातार चौथी बार प्रत्याशी जीत नहीं सका था। चौथी बार संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के महाराज सिंह भारती यहां से सांसद बने थे।
2009, 2014, 2019 और 2024 में भाजपा प्रत्याशियों ने लगातार चार बार जीत हासिल की है। राजेंद्र अग्रवाल ने 2009, 2014 व 2019 लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने थे। उसके बाद 2024 में भाजपा हाईकमान ने उन्हें रिपीट नहीं किया बल्कि रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को टिकट दिया। इसके बाद चुनाव प्रचार में भी उनके बाहरी प्रत्याशी होने और भाजपा नेताओं में खींचतान के आरोप लगे। इसके बावजूद अरुण गोविल ने बेहतर तरीके से चुनाव लड़ा और मेरठ लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के लगातार चौथी जीत प्राप्त करने का इतिहास बना दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts