मोदी की सरकार में पच्चीस करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए: शाह
गुना/राजगढ,एजेंसी। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले दस वर्षो में पच्चीस करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है।
श्री शाह ने मध्यप्रदेश के गुना और राजगढ़ में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, निवर्तमान गुना सांसद केपी यादव, गुना लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ लोकसभा प्रत्याशी रोडमल नागर सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा शासन के 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए। 80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह 5 किलो नि:शुल्क अनाज दिया जा रहा है। 10 वर्षों में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए, 4 करोड़ लोगों को घर बनाकर दिए गए, 3 करोड़ लोगों को घर में बिजली दी, 10 करोड़ माताओं को गैस कनेक्शन दिए गए और 14 करोड़ लोगों को नल से जल देने का कार्य किया गया।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कोरोना जैसी गंभीर बीमारी के दौरान 130 करोड़ लोगों को नि:शुल्क टीका देकर भारत को सुरक्षित किया गया। कांग्रेस उस समय भी वैक्सीन का विरोध कर रही थी। कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक राम मंदिर के मुद्दे को अधर में लटकाए रखा, लेकिन पीएम मोदी ने राम मंदिर का निर्माण करवाकर प्रभु श्रीराम को टेंट से निकालकर भव्य राम मंदिर में विराजमान किया।
उन्होंने कहा कि 500 वर्षों तक एक टेंट में रहने के बाद 17 अप्रैल को प्रभु श्री राम ने भव्य राम मंदिर में अपना जन्मदिवस मनाया। कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक के तुष्टीकरण की राजनीति के चलते राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को भी ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से पीड़ित राज्य माना जाता था पूरा चम्बल डाकुओं से भरा हुआ था लेकिन आज भाजपा ने मध्यप्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का कार्य किया है।
No comments:
Post a Comment