विनय प्रधान ने थामा रालोद का दामन

सपा नेता कुंवर मोहब्बत अली ने भी रालोद की सदस्यता ग्रहण की

मेरठ । कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे विनय प्रधान ने आज रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। विनय प्रधान के साथ ही सपा नेता और हर्रा नगर पंचायत के वर्तमान चेयरमैन कुंवर मोहब्बत अली ने समाजवादी पार्टी छोड़कर नल का साथ थाम लिया। दिल्ली में राष्ट्रीय लोकदल के केंद्रीय कार्यालय में दोनों नेताओं ने रालोद ज्वाइन की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं को रालोद की सदस्यता ग्रहण कराई।

विनय प्रधान लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। होटल कारोबारी विनय प्रधान दिल्ली किरोड़ीमल कॉलेज के अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने फिल्म अभिनेत्री नगमा को मेरठ लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। उस वक्त भी विनय प्रधान ने कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने में काफी मेहनत की थी। हालांकि नगमा चुनाव हार गईं। वहीं विनय प्रधान कुछ समय पहले भाजपा में आ गए थे। लेकिन भाजपा में लगातार दरकिनार थे। न पद मिला न टिकट। विनय ने अब रालोद ज्वाइन की है। वहीं सपा नेता और नगर पंचायत हर्रा के चेयरमैन कुंवर मोहब्बत अली ने भी सपा छोड़कर रालोद का साथ थाम लिया।

रालोद पश्चिमी यूपी में लगातार विपक्षी एकता गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेताओं पर नजरें गड़ाए है। उन्हें तोड़कर रालोद में लाकर कुनबा बढ़ाया जा रहा है। कुछ दिन पहले आप से मेयर प्रत्याशी रही ऋचा सिंह ने रालोद ज्वाइन की। सपा नेता और भाजपा से पूर्व विधायक रहे गोपाल काली भी रालोद में आ चुके हैं। अन्य जिलों में भी रालोद अपना कुनबा बढ़ा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts