चुनाव से पहले माेदी मैच फिक्सिंग कर रहे -राहुल 

 देश किसी के बाप की जागीर नहीं -भगवत मान 

 दिल्ली में आयोजित इंडिया की रैली में उमड़ा जन सैलाब 

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार  को I.N.D.I.A. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंचीं। रैली में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भाजपा पर जमकर भड‍़ास निकाली । 

रैली को सबसे पहले उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। उद्धव ने कहा- कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल हमारी बहन हैं। जब इस तानाशाही सरकार के खिलाफ हमारी बहनें लड़ रही हैं तो हमारे जैसे भाई पीछे कैसे रह सकते हैं। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि आप अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- गरीबों को बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव- मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में क्लिनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को MSP और छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा।

वहीं भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा- आज यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तानाशाही ताकतों ने अपने कदम बढ़ाए हैं, उसका अंत जनता इस चुनाव में कर देगी।

भाजपा की तानाशाही की विचारधारा पनपने नहीं देंगे- झारखंड के मुख्यमंत्री

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा- जिस जमीन की वजह बताकर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, उसका किसी भी किताब में जिक्र नहीं है। हेमंत सोरेन ने झारखंड के दलित, पिछड़ा वर्ग को ऊपर उठाने का काम शुरू किया तो भाजपा के पेट में दर्द हो गया। हमारे पूर्वजों ने भी इसी तरह झारखंड में लड़ाई लड़ी। आज यहां से पूरे भारत में संदेश जाएगा कि हम सब एक हैं। भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही की विचारधारा हम कहीं भी पनपने नहीं देंगे।

I.N.D.I.A गठबंधन की तरफ से प्रियंका ने 5 मांगें भी रखीं

इंडिया गठबंधन की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा पांच मांगे रखी। जिसमें भारत के चुनाव आयोग के इलेक्शन में सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने चाहिए।  चुनाव आयोग को विपक्षी दलों के खिलाफ ED, CBI और इनकम टैक्स की कार्रवाई को रोकना चाहिए। हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की तत्काल रिहाई की जाए।  विपक्षी पार्टियों को वित्तीय रूप से कमजोर करने की कोशिशें बंद हों। भाजपा को इलेक्टोरल बॉन्ड्स के जरिए जो फंड मिला है, उसकी SIT जांच होनी चाहिए।प्रियंका गांधी वाड्रा बोलीं- मुझे लगता है कि ये दिखावे में लिप्त हो चुके हैं। मैं याद दिलाना चाहती हूं कि हजारों साल पुरानी वो बातें क्या थीं? भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े, तब उनके पास संसाधन नहीं थे। उनके पास रथ भी नहीं था। रावण के पास रथ, संसाधन, सेना थी। धन था, सोने की लंका में रहता था। राम के पास केवल सत्य, आस्था, विश्वास, धैर्य, उम्मीद और साहस था।

भाजपा -RSS जहर जैसे- मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आप लोकतंत्र चाहते हैं या तानाशाही, ये आपको तय करना है। जो तानाशाही चाहते हैं, उनको देश से निकालना होगा। बीजेपी और RSS जहर के जैसे हैं। अगर आप चाहते हैं कि इसको भी देख लेंगे, विष को चाट कर देखेंगे या पीकर देखेंगे, दोनों स्थितियों में जिंदा नहीं रहेंगे।INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- यह मंच है अनेकता में एकता, विविधता में एकता है, यह दर्शाने के लिए आज यह सभा आयोजित हुई है।

भगवत मान ने कहा- देश को झीलों-नदियों में मत बांटिए

मान ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। इनको (मोदी सरकार) लगता है कि डंडे से चला लेंगे। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, ये देश 140 करोड़ लोगों का है। ये आजादी हमें शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, मदन लाल ढींगरा, करतार सिंह सराभा, चंद्रशेखर आजाद जैसे हजारों नेताओं ने दिलाई है। ये क्या समझते हैं कि इसको भी अंदर कर दो, उसको भी अंदर कर दो। किसी के खाते फ्रीज कर दो, किसी पार्टी के नेता जेल में डाल दो। हम शाख के पत्ते नहीं हैं जो शाख से टूट के गिर जाएंगे। आंधियो से कह दो कि अपनी औकात में रहें। अरविंद केजरीवाल को अंदर कर दो, हेमंत सोरेन को अंदर कर दो। इसके घर ED भेज दो, उसका घर तुड़वा दो। ये गलतफहमी हैं। हुकूमत वो करते हैं, जिनका दिलों पर राज होता है यूं कहने को तो मुर्गे के सिर पर भी ताज होता है। आज सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन भी यहां मौजूद हैं। मैं इन्हें नमन करता हूं कि इन्होंने क्या-क्या दुख नहीं झेले। तालियां किसी को ऐसे ही नहीं मिलतीं, दिहाड़ी देकर मोदी-मोदी करवाना बहुत आसान है। जो बात दिल से बोलता है, वो असर करती है। ये देश के टुकड़े-टुकड़े करना चाहते हैं। ये देश को नफरत की आंधी में ढकेल रहे हैं। ये CAA लेकर आए। मैं पार्लियामेंट में था। मैंने कहा- मुझे 30 सेकेंड बोल लेने दीजिए। मुझसे कहा गया- नहीं। फिर मैंने कहा कि 20 सेकेंड बोल लेने दीजिए। बोले कि इतने समय में क्या बोलोगे। मैंने कहा- लंबे सफर को मीलों में मत बांटिए... कौम को कबीलों में मत बांटिए... एक बहता दरिया है मेरा भारत देश... इसको नदियों और झीलों में मत बांटिए...

पंजाब सीएम भगवंत मान बोले- अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन उसकी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे? वो जो लाखों केजरीवाल पैदा हो गए हैं उन्हें कैसे रोकोगे? अरविंद केजरीवाल एक सोच का नाम है। इंडिया गठबंधन पूरा इकट्‌ठा हो गया है। कईयो के तो कैमरे भी कांपने लगे होंगे कि सब इकट्‌ठे कैसे बैठ गए। ये चाहते ही नहीं कि हम एकजुट हों। इसलिए मैं सबसे कहना चाहता हूं कि आओ इकट्‌ठे हो जाएं। ये भ्रष्टाचारी चाहे कितना रुपया, सोना-चांदी, जेवर इकट्‌ठा कर लें, लेकिन इन्हें याद रहे कि कफन में जेब नहीं होती है। कोई पैसा साथ नहीं जाएगा, लूट लो देश को कितना लूटना है। इसलिए गरीबों की बद्दुआ न लो।

शरद पवार बोले- लोकतंत्र बचाना हमारी जिम्मेदारी

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा-इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। इसे (लोकतंत्र) बचाना हमारी जिम्मेदारी है।

राहुल बोले- भाजपा जीती तो देश नहीं बचेगा

राहुल ने कहा- ये बात आप याद रखिएगा कि यहां मैच फिक्सिंग की जा रही है। ये भाजपा के लोग कह रहे हैं कि इन चुनावों में कुछ न कुछ गड़बड़ है। ये भाजपा के एक नेता ने कहा है। चुनाव आयोग में अपने दो लोग को लाया गया। हमारे दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला। करना ही था तो छह महीने पहले करते, एक साल पहले करते। आपको हमारे अकाउंट फ्रीज करने थे तो छह महीने पहले करते। लेकिन आपको ये अभी करना था, ताकि मैच फिक्सिंग हो सके। मेरी बात गौर से सुन लीजिए। अगर भाजपा जीती और उन्होंने संविधान को बदला तो इस पूरे देश में आग लगने जा रही है, ये देश नहीं बचेगा। ये चुनाव वोट वाला चुनाव नहीं है, ये चुनाव हिंदुस्तान को बचाने वाला चुनाव है।राहुल ने कहा- ये संविधान को क्यों मिटाना चाहते हैं, क्योंकि ये आपका धन आपसे छीनना चाहते हैं। मैंने जति जनगणना की बात की, रोजगार की बात की, क्योंकि देश के सामने यही सबसे बड़े मुद्दे हैं। इसलिए अगर आप लोगों ने दम से वोट नहीं दिया, तो इनकी मैच फिक्सिंग सफल हो जाएगी और देश का संविधान खत्म हो जाएगा।अगर संविधान खत्म हो गया तो देश के दिल पर बहुत बड़ी चोट होगी। तो ये जो चुनाव है, ये देश को बचाने का, संविधान को बचाने का और गरीबों के हक को बचाने का चुनाव है।राहुल बोले- ये जो संविधान है, ये पुलिस से, धमकियों से नहीं चलेगा। ये सोचते हैं कि संविधान के बिना डराकर, धमकाकर, CBI, ED से देश चलाया जा सकता है। आप मीडिया को खरीद सकते हो, आप मीडिया के रिपाेर्ट्स कर मुंह बंद कर सकते हो पर आप लोगों की आवाज नहीं दबा सकते हो। कोई ताकत इस आवाज को नहीं दबा सकती। भाजपा सांसद ने कहा कि जैसे ही हम मैच फिक्स करके 400 सीट जीतेंगे, वैसे ही संविधान को बदल देंगे।ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है। संविधान चला जाएगा तो गरीबों का हक चला जाएगा, गरीबों का जो धन है, वो पांच-छह लोगों के हाथों में आ जाएगा। मुझे बताइए कि नोटबंदी और जीएसटी से किस गरीब को फायदा हुआ? किस व्यापारी को फायदा हुआ?

राहुल ने कहा- कांग्रेस देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज करा लिए गए हैं। हमें पोस्टर छपवाने हैं, कार्यकर्ताओं को राज्यों में भेजना है, लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज हैं, तो हम नहीं कर पा रहे हैं। ये पूरी की पूरी मैच फिक्सिंग की कोशिश की जा रही है। ये मैच फिक्सिंग सिर्फ पीएम मोदी नहीं कर रहे है, ये देश के 3-4 बड़े अरबपति करवा रहे हैं। इस मैच फिक्सिंग का एक ही लक्ष्य है कि इस देश का संविधान जिसने इस देश के लोगों को जीने का हक दिया, उस संविधान को लोगों से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये देश नहीं बचेगा।

 ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम भाजपा ने किया-अखिलेश यादव 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं। आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है। इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं। ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts