सीएम योगी ने बलरामपुर को दी विकास योजनाओं की सौगात
- विश्वविद्यालय के लिए किया भूमि पूजन
बलरामपुर (एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर में कोइलरा स्थित मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने बलरामपुर को 466 विकास परियोजनाओं और श्रावस्ती की 31 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस बलरामपुर में एक विश्वविद्यालय की बात कभी कल्पना थी, हम आज उसे साकार करने जा रहे हैं। मां पाटेश्वरी की कृपा, भगवान श्रीराम के पुत्र लव की राजधानी, बुद्ध की तपोभूमि और महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम की भूमि के सौंदर्य को चंद माफिया और आपराधिक तत्वों ने कुंद करने का कार्य किया था। हम सब इसी संकल्प के साथ सत्ता में आए हैं कि राजनीति का अपराधीकरण हर्गिज नहीं होने देंगे, जो भी हमारे नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा उसको उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि देवी पाटन मंडल में कभी मेडिकल कॉलेज होंगे, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट होंगे। उन्होंने बताया कि आज यहां 350 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन किया गया है। अगले वर्ष तक बलरामपुर जिले को मेडिकल कॉलेज भी हम देने जा रहे हैं। श्रावस्ती को एयरपोर्ट मिल चुका है। बलरामपुर में विश्वविद्यालय कभी कल्पना थी, अब वो भी साकार हो रही है। इस कमिश्नरी के चार जनपदों में तीन मेडिकल कॉलेज हैं, दो बन चुके और तीसरे का उद्घाटन आज हो रहा है। एक एयरपोर्ट और एक विश्वविद्यालय भी यहां हैं। साथ ही सरयू नगर राष्ट्रीय परियोजना जो चार दशकों से लटकी हुई थी उसका भी प्रधानमंत्री मोदी ने लोकार्पण कर दिया है।
नियत साफ हो तो बढ़ जाती है विकास की स्पीड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सबसे खराब सड़कें इसी देवीपाटन मंडल की हुआ करती थीं। तब गोंडा से देवीपाटन मंदिर पहुंचने में 4 घंटे लगते थे आज ये दूरी 45 मिनट में पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नियत साफ होती है तो विकास स्पीड पकड़ने लगती है और बिना भेदभाव के गरीबों को शासन की सुविधाओं का लाभ मिलता है। सीएम ने बताया कि 2017 में यहां बाढ़ आई थी। उस वक्त जिला मुख्यालय श्रावस्ती और बलरामपुर बाढ़ के पानी से भरा हुआ था। मगर हमने बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान किया। नदी की ड्रेजिंग कराई गई, परिणाम ये हुआ कि 2017 के बाद यहां के जिला मुख्यालय पर कभी बाढ़ का पानी नहीं आया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, रहनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर आरती तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्र, विधायक पलटू राम, रामप्रताप वर्मा 'शशिकांत', कैलाश नाथ शुक्ल, राम फेरन पांडेय, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह 'मंजू', पद्मसेन चौधरी, डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी और साकेत मिश्र सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment