महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल

मुंबई (एजेंसी)।महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अशोक चव्हाण आज भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सूत्रों के मुताबिक, चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। बताया जा रहा है कि वे कल नामांकन भी कर सकते हैं। उधर, शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अगर चव्हाण को राज्यसभा भेजते हैं, तो यह कारगिल के शहीद सैनिकों का अपमान होगा।
दरअसल, 2010 में कारगिल शहीदों के लिए मुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी बनाई गई थी। उस समय चव्हाण महाराष्ट्र के CM थे। तब भाजपा समेत तमाम विरोधी पार्टियों ने चव्हाण पर इस सोसाइटी में अपने रिश्तेदारों को घर बांटने का आरोप लगाया था। चव्हाण को तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
भाजपा में आने से एक दिन पहले 12 फरवरी को चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी रिजाइन कर दिया था। पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। अगले दो दिन में वो आगे का फैसला लेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts