सरकार खुद पेपर लीक करवा रहीः अखिलेश यादव
सैफई (एजेंसी)।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने यूपी में पेपर लीक मामले पर कहा कि सरकार खुद ही पेपर लीक करवा देती है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि नौजवानों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पहले तो सरकार नौकरियां नहीं निकालती, लेकिन जब नौकरी निकालती है तो उसका पेपर भी खुद ही लीक करवा देती है।
बता दें कि अखिलेश यादव ने अपने पैतृक गांव सैफई में कुछ मीडिया पत्रकारों से बातचीत करते हुए योगी सरकार पर यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब राज्य में पहली बार ही पेपल लीक हुआ था, उस समय ही कार्रवाई करनी चाहिए थी। यदि उस समय कार्रवाई हो जाती तो अब पेपर लीक नहीं होते। सरकार नौजवानों के साथ सिर्फ खिलवाड़ कर रही है और बस डायलॉग मार रही है। पुलिस भर्ती, आरओ-एआरओ समेत तमाम परीक्षाओं के लिए तैयारी कर रहे करीब 60 लाख छात्र परेशान हैं।
अखिलेश ने यह भी कहा कि पेपर छपने से लेकर बंटवाने तक में इसमें सरकार के ही लोग शामिल हैं। सरकार ने ही पेपर लीक करवाया है। सरकार की नीयत है कि नौजवानों को नौकरी न देनी पड़े, क्योंकि उसके लिए बजट नहीं है। नौकरी के नाम पर भी फॉर्म से एकत्रित रुपये का सरकार उपयोग कर रही है। वहीं, अखिलेश ने अग्निवीर भर्ती पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस नौकरी को टेंपरेरी करने की क्या जरूरत थी। सरकार नौजवानों को नौकरियां नहीं दे रही और निवेश के नाम पर भी रोजगार देने का वादा नहीं पूरा कर सकी।


No comments:
Post a Comment