चंपई सोरेन बने झारखंड के नए मुख्यमंत्री

आरजेडी-कांग्रेस से एक-एक विधायक ने ली मंत्री पद की शपथ
रांची (एजेंसी)
चंपई सोरेन ने झारखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके अलावा दो विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। आलमगीर आलम (कांग्रेस) और सत्यानंद भोक्ता (आरजेडी) ने मंत्री पद की शपथ ली। इस बीच, शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने हेमंत सोरेन की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा है कि हाई कोर्ट में उनकी याचिका अभी लंबित है, इसलिए वही अपना पक्ष रखें।
इससे पहले चंपई सोरेन ने शिबू सोरेन से मुलाकात की। इसके बाद चंपई ने कहा कि गुरुजी हमारे आदर्श हैं, शपथ लेने से पहले हम गुरुजी और माताजी (रूपी सोरेन) से आशीर्वाद लेने आए थे। मैं झारखंड आंदोलन से जुड़ा था और मैं उनका शिष्य हूं।
झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने राज्यपाल से जल्द से जल्द सरकार बनाने के उनके दावे को स्वीकार करने का आग्रह किया था, क्योंकि राज्य में ‘भ्रम’ की स्थिति बनी हुई थी। यह स्थिति बुधवार को हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद से राज्य में मुख्यमंत्री न होने की वजह से थी और इसके कारण राजनीतिक संकट गहरा गया था।
बहुमत साबित करने के लिए 10 दिन का समय
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा कि चंपई सोरेन को अपनी सरकार का बहुमत साबित करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने शपथ ग्रहण के बाद झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को गुलदस्ता सौंपा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts