स्वास्थ्य के क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं का कार्य सराहनीय : ममता त्यागी
आशा कार्यकर्ताओं का काम और जज्बा महत्वपूर्ण : जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह
स्वास्थ्य विभाग और आमजन के बीच अहम कड़ी है आशा : सीएमओ
गाजियाबाद, 23 फरवरी, 2024। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं का कार्य सराहनीय है। आशा के रूप में कार्य करके महिलाओं ने साबित कर दिया है कि वह अबला नहीं सबला हैं। यह बातें शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी ने बतौर मुख्य अतिथि आशा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा - आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका और उनके कार्य का सम्मान करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी और जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अच्छा कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अपने संबोधन में आशा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा - आपका काम ही आपका पुरस्कार है।
जिलाधिकारी ने बड़े ही रोचक अंदाज में आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा - जब कोई बहू ब्याह कर अपनी ससुराल पहुंचती है तो वहीं से उनकी भूमिका शुरू हो जाती है। उस समय उसे जो शारीरिक और मानसिक उलझनों से दो-चार होना पड़ता है आशा उसकी सहेली बनकर उन सबका निदान करने में तो मदद करती ही है साथ परिवार प्रबंधन करने में उसकी मदद करती है। उसे बताती है कि गर्भधारण कब करना है? बचाव के क्या उपाय हैं ? आशा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी उन लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है जो धनाभाव में निजी अस्पताल में नहीं जा सकते और सरकारी अस्पताल तक जाने की भी हिम्मत उनमें नहीं होती। उन्होंने कहा - इस सम्मेलन से आप यह विश्वास लेकर जाएं कि सही मायने में आप ऐसे ही लोगों की ‘आशा’ हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा - स्वास्थ्य विभाग और आमजन के बीच अहम कड़ी है आशा। स्वास्थ्य विभाग की तमाम योजनाओं पर धरातल पर आशा ही काम करती हैं। जाहिर तौर पर उन्हें ज्यादा पैसा नहीं मिलता है लेकिन बड़े- बड़े कारोबारी पैसा कमाने के बाद समाज सेवा करते हैं और आशा कार्यकर्ताओं को समाज सेवा की जिम्मेदारी मिली है, यह बड़ी बात है। उन्होंने बताया - अच्छे काम का ही नतीजा है कि सविता शर्मा और पूजा को आशा कार्यकर्ता से एएनएम बनाया गया है। अच्छा कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं से अन्य आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रेरणा लेने की जरूरत है।
सीएमओ ने कहा - आशा ऐसे क्षय (टीबी) रोगियों को चिन्हित करें जिन्हें निक्षय पोषण योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उनके बैंक खाते की डिटेल एमओआईसी को उपलब्ध कराएं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के मामले में भी ऐसी दिक्कते आ रही हैं। लाभार्थी को लाभ मिलेगा तो आशा को भी इंसेंटिव प्राप्त होगा। इस मौके पर एसीएमओ डा. अमित विक्रम और डा. चरण सिंह, डिप्टी सीएमओ डा. आरके गुप्ता और डा. रविन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (संयुक्त चिकित्सालय-लोनी) डा. अलका शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुराग भारती, जिला लेखा प्रबंधक पूजा सक्सेना और डा. अपूर्वा मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने किया।
जिला स्तर ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम)- मुरादनगर सतीश कुमार को सम्मानित किया गया और टॉप थ्री आशा संगिनियों को प्रथम पुरस्कार पांच हजार, द्वितीय पुरस्कार तीन हजार और तृतीय पुरस्कार दो हजार रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। ब्लॉक वार टॉप थ्री आशा कार्यकर्ताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में दो हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपए की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुरस्कार की राशि संबंधित के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
-------
ब्लॉक वार टॉप थ्री आशा कार्यकर्ता सम्मानित हुईं :
रजापुर ब्लॉक : जीनत, रेणु और सीनू राणा
लोनी ब्लॉक : बृजेश, कुसुमलता और बीना बंसल
भोजपुर ब्लॉक : कमला देवी, पूनम-प्रथम और मुनियां
मुरादनगर ब्लॉक : क्षमा त्यागी, सीमा और रेणु
----
टॉप थ्री आशा संगिनी : पुष्पा, सरिता और मिथलेश


No comments:
Post a Comment