उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की रेटिंग में पश्चिमांचल डिस्कॉम अव्वल
मेरठ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ द्वारा जारी चालीस जोन की मंथली (जनवरी-24) रैंक लिस्ट में मुजफ्फरनगर जोन प्रथम स्थान और मेरठ जोन-2 ने प्रदेश भर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है वहीं प्रदेश के 120 विद्युत वितरण मंडलों में विद्युत वितरण मंडल सम्भल को प्रथम स्थान व विद्युत वितरण मंडल-1 मेरठ को प्रदेश भर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
विद्युत परीक्षण खण्डों द्वारा दोषपूर्ण मीटर, बिजलीघरों की टेस्टिंग एवं एम0आर0आई0 बिलिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिए जाने पर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा विद्युत नगरीय परीक्षण खण्ड मुरादाबाद को प्रथम, विद्युत नगरीय परीक्षण खण्ड सहारनपुर को द्वितीय स्थान एवं विद्युत परीक्षण खण्ड-प्रथम मुरादाबाद को तृतीय स्थान प्रदान किया गया है।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन द्वारा जारी इस रैंक को तय करने के लिए राजस्व वसूली, ओवरऑल बिलिंग प्रतिशत, 10 किलोवाट से अधिक भार व 5 किलोवाट से 10 किलोवाट भार वाले संयोजनों की एम0आर0आई0 बिलिंग, थ्रू-रेट और मीटर आधारित बिलिंग जैसे अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए गए हैं।
प्रबंध निदेशक, चैत्रा वी. ने इस उपलब्धि के लिए टीम पी0वी0वी0एन0एल0 को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि पश्चिमांचल डिस्कॉम द्वारा राजस्व वसूली, थ्रू-रेट, मीटर आधारित बिलिंग, झटपट एवं निवेश मित्र योजना के तहत नए संयोजन उपलब्ध करने आदि वाणिज्यिक बिन्दुओं पर उठाए प्रभावी कदमों के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन द्वारा डिस्कॉम की सराहना की गई है। उन्होंने कहा विद्युत वितरण मंडल-सम्भल और मेरठ द्वारा विद्युत लाइन हानियों को कम करने, विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने, मीटर आधारित बिलिंग करने प्रदेश में पहला व दूसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रबंध निदेशक ने कहा है कि डिस्कॉम सभी सम्मानित उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। डिस्कॉम के अथक प्रयासों के कारण पश्चिमांचल डिस्कॉम के जोन, मंडल एवं परीक्षण खण्डों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त हुए हैं।


No comments:
Post a Comment