संविधान दिवस पर छात्राओं को संविधान की दी जानकारी 

  मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मेरठ के राजनीति विज्ञान विभाग में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम आर.सी. सिंह एसोसिएट प्रोफेसर राजनीति विज्ञान विभाग के द्वारा संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया तथा संविधान के विषय में मौलिक जानकारी दी गई। डॉ. मुनेश कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत का संविधान महज नियम-कानूनों का एक दस्तावेज नहीं है बल्कि यह भारतीय संविधान निर्माताओं के दर्शन और एक राष्ट्र के रूप में हमारी आशाओं, अपेक्षाओं तथा महत्वाकांक्षाओं का पुंज भी है। तत्पश्चात महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर अंजू सिंह ने शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई शपथ सभी शिक्षकों एवं उपस्थित छात्राओं को दिलाई। प्राचार्य ने संविधान की स्कैंड कॉपी का अवलोकन किया तथा छात्राओं को संविधान का पालन करने एवं उसके स्थापित मूल्यों को आत्मसात करने हेतु प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवम् छात्राओं द्वारा उत्साह पूर्वक भारतीय संविधान का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. अनुजा गर्ग ने छात्राओं को संविधान में निहित आदर्शों को यथार्थ में परिणित करने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।प्रो.लता कुमार, प्रो. गीता चौधरी, प्रो.अनीता गोस्वामी ,प्रो. मोनिका चौधरी, डॉ भारती शर्मा आदि प्राध्यापकों, कार्यालय सहायक श्री मुकेश कुमार एवम् छात्राओं ने संविधान का अवलोकन कर गौरान्वित अनुभव किया एवं अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की। इस अवसर पर संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रतिभागिता की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts