पांच हजार किन्नर करेंगे पूर्व सीएम अखिलेश को सम्मानित
तीन अक्टॅूबर को लखनऊ में किन्नरों को बड़ा सम्मेलन आयोजित
मेरठ। मिशन 2024 के लिए राजनीतिक दलों के साथ तमाम बिरादरियां भी अपने हको, हुकूक की लड़ाई के लिए उतर आई हैं। उत्तर प्रदेश के किन्नर समाज ने भी अपने अधिकारों की लड़ाई शुरू कर दी है। इसी बीच किन्नर समाज लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सम्मानित करने जा रहा है। लखनऊ में 3 अक्तूबर को किन्नरों का बड़ा सम्मेलन आयोजित है। सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मेरठ में सपा किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह पहुंची।
पायल सिंह ने कहा कि 3 अक्तूबर को हम लखनऊ में बड़ा किन्नर सम्मेलन कर रहे हैं। यूपी के 5 हजार से अधिक किन्नर इसमें शामिल होंगे। आयोजन में हमारा समाज पूरी तरह सपा को अपना समर्थन देगा। हम अखिलेश यादव को बुलाकर सम्मानित भी करेंगे। अखिलेश यादव जो कहेंगे उसी राह पर हमारा समाज चलेगा। कहा कि हम पूरी तरह सपा के साथ हैं। 2024 में सपा को जिताकर अपने हकों की लड़ाई लड़ेंगे।मेरठ में प्रदेश संगठन की तरफ से सपा जिला किन्नर कमेटी का गठन किया गया। इसमें शालू किन्नर को संगठन का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही 27 अन्य पदों पर नियुक्तियां की गईं हैं। पायल सिंह ने बताया कि मेरठ के बाद अब बागपत की तैयारी है। वहां कमेटी का गठन करेंगे। सीतापुर, लखीमपुर, वाराणसी में कमेटियां बन चुकी हैं। यूपी के सभी 75 जिलों में किन्नर समाज अपनी कमेटियां बनाकर 2024 के लिए काम करेगा।
No comments:
Post a Comment