गाजियाबाद में बाढ़ में डूबने से दो युवकों की मौत

 घर छोड़कर गए कई हजार लोग, करंट फैलने के डर से बिजली काटी
गाजियाबाद।
गाजियाबाद में हिंडन नदी की बाढ़ में दो युवक डूब गए हैं। एनडीआरएफ के जवानों ने दोनों युवकों के शव सोमवार को बरामद कर लिए हैं।
22 वर्षीय आनंद शर्मा और 20 वर्षीय क्रिश मिश्रा न्यू करहैड़ा कॉलोनी के रहने वाले थे। वे रविवार शाम बाढ़ देखने के लिए करहैड़ा गांव की तरफ गए थे। तब से दोनों लापता हो गए। एक लड़के का कहना है कि उसने इन दोनों युवकों को बाढ़ के पानी में डूबते हुए देखा था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने साहिबाबाद थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद एनडीआरएफ के जवान दोनों युवकों की खोजबीन में जुटे हुए थे। अभी कुछ देर पहले दोनों युवकों के शवों को बरामद कर लिया गया है।
दो बिजलीघरों की सप्लाई ठप
हिंडन नदी में आई बाढ़ से 220 केवी मुख्य उपकेंद्र मोरटी (करहेड़ा) और 132 केवी मुख्य उपकेंद्र कान्हा उपवन (करहेड़ा) में पानी भर गया है। पानी मशीनों तक पहुंचने और करंट उतरने की आशंका के मद्देनजर दोनों बिजलीघरों की सप्लाई काट दी गई है। पॉवर कॉरपोरेशन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे बिजली और पानी का संचय कर लें। बिजलीघरों से पानी निकलने के बाद ही इनकी सप्लाई शुरू हो पाएगी।
खाली कराया करहैड़ा गांव
गाजियाबाद में इस वक्त बाढ़ की चपेट में सबसे ज्यादा प्रभावित करहैड़ा गांव है। इसे लगभग पूरी तरह खाली करा लिया गया है। कुछ लोग अपनी रिश्तेदारी में चले गए हैं तो बाकी लोगों को गांव से निकालकर कंपोजिट विद्यालय में बनाए गए राहत केंद्र पर पहुंचाया गया है। यहां पर उनके सोने, खाने-पीने की व्यवस्था जिला प्रशासन की तरफ से की गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts