समय की जरूरत है परिवार नियोजन
इस बार की थीम है- “हम लें यह संकल्प, परिवार नियोजन को बनाएंगे खुशियों का विकल्प”
सहारनपुर। विश्व जनसंख्या दिवस का शुभारंभ मंगलवार को जिला अस्पताल में अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ ज्योत्सना ने किया।इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन समय की जरूरत है।सुनियोजित परिवार से हम हर तरह से सुरक्षित और अपने तथा परिवार के विकास में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।उन्होंने कहा कि आज से 31 जुलाई तक आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवार नियोजन के प्रति लोगों को प्रेरित करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. संजीव मांगलिक ने बताया - जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा दो चरणों में मनाया जा रहा है। मंगलवार 27 जून से इसकी शुरुआत कर दी गई थीl दस जुलाई तक व्यापक और सघन प्रचार प्रसार अभियान चलाया गया।
दूसरे चरण में सेवा प्रदायगी पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसमें आज 11 जुलाई से 31 जुलाई तक सेवा प्रदायगी और जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा होगा। सीएमओ ने बताया - इस बार की थीम है- “हम लें यह संकल्प, परिवार नियोजन को बनाएंगे खुशियों का विकल्प”। पखवाड़े के तहत परिवार नियोजन की स्थाई और अस्थाई सेवाओं के इच्छुक दंपति को लाभ दिया जाएगा।आशा कार्यकर्ता मंगलवार से ही घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैंl
नोडल बृजेश कुमार ने बताया – दूसरे चरण में मुख्य रूप से नसबंदी कैंप लगाए जाएंगे। हालांकि, समय-समय पर नसबंदी के लिए दंपति को जागरूक किया जाता रहा है। इसके अलावा परिवार नियोजन के अन्य साधनों जैसे छाया गोली, अंतरा इंजेक्शन तथा अन्य साधनों को लेकर जागरूकता फैलाई जाती रही है। फिर भी विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के तहत बास्केट आफ च्वाइस में उपलब्ध गर्भनिरोधक साधनों के बारे में काउंसलिंग की जाएगी।
यही नहीं, गर्भनिरोधक साधनों के बारे में काउंसलिंग की जाएगी। उसको अपनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य इकाइयों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार किया जाएगाl अभियान की रोजाना आनलाइन मानिटरिंग भी की जाएगी। सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर सघन प्रचार प्रसार किया जाएगा, ताकि इसकी सार्थकता सिद्ध हो सके। उन्होंने कहा- आज देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती बढ़ती हुई आबादी है। ऐसे में नियोजित परिवार से ही खुशहाली संभव है।
No comments:
Post a Comment