विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू
जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना
अभियान के तहत लोगों को किया जाएगा स्वच्छता के प्रति जागरूक
बुलंदशहर, 1 जुलाई 2023। जनपद में जागरूकता रैली निकाल कर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं संचारी रोग के बचाव के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
जिला अस्पताल प्रांगण में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनय कुमार सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। दस्तक अभियान के तहत संचारी रोग की रोकथाम के लिए मलेरिया डेंगू, चिकनगुनिया एवं अन्य बीमारियों से बचाव, साफ सफाई रखने के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा - लोगों को घरों में जमा पानी, गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी देते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाए। जनपद में अभियान के तहत साफ सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विनय कुमार सिंह ने बताया- जनपद में आयोजित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जा चुकी है। अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा जिलेभर के लोगों को मौसमी बीमारियों के लिये जागरूक किया जाएगा। उहोंने कहा- संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है।
No comments:
Post a Comment