केरल के छात्रों से मिले सीएम योगी
- बोले- यूपी भी केरल की तरह देश का आध्यात्मिक प्रतिनिधित्व करता है
लखनऊ।
एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के युवा संगम कार्यक्रम के निमित्त मंगलवार को आईआईटी पलक्कड़ केरल व लक्षदीप के 45 विद्यार्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मिले। यहां सबसे पहले मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया। 45 में से 35 केरल व 10 लक्षदीप के छात्र हैं। इनमें 25 छात्र व 20 छात्राएं शामिल रहीं।
सीएम योगी ने उन्हें सफल जीवन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद किया। साथ ही उनके मन की जिज्ञासाओं को भी शांत किया। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से शिक्षा मंत्रालय ने यह अभिनव प्रयोग प्रारम्भ किया है। आप जिस केरल से आये हैं, वहीं से कई वषों पहले शंकराचार्य भी आये थे और उन्होंने चार मठ स्थापित किए थे।
सीएम ने कहा कि शिक्षा समाज के लोगों की भावनाओं को समझने का जरिया है। ये नई शिक्षा नीति को ही परिलक्षित करता है। उन्होंने कहा कि आपने उत्तर प्रदेश को देखा। केरल की तरह ही उत्तर प्रदेश भी देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। आबादी (25 करोड़) के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां छह करोड़ मुस्लिम आबादी है। इसके बावजूद यहां न कर्फ्यू है और न ही दंगा। सीएम ने बताया कि छह वर्ष पहले तक यहां ऐसे हालात नहीं थे। धार्मिक अवसरों पर हिंसा होती थी। लोगों का पलायन होता था। 6 वर्षों में हमने इसे बदलने का प्रयास किया। इसमें युवाओं और आम लोगों का भी भरपूर साथ मिला है। इसी की वजह से आज उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने दिया सुझाव- ट्रेड के साथ ही तय कर लें लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में तकनीक का इस्तेमाल तेजी से शुरू हुआ है। इसके कारण रोजगार सुलभ हुए हैं। तकनीक के इस्तेमाल से भ्रष्टाचार भी कम हुआ है। आज डीबीटी के माध्यम से पूरा पैसा लाभार्थी को मिल रहा है। आज हम डिजिटल लेनदेन के दौर में पहुंच चुके हैं। सीएम ने सुझाव दिया कि जब हम कोई ट्रेड तय करते हैं, तभी लक्ष्य निर्धारित कर लें।
प्रतिनिधिमंडल में मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के कार्यवाहक निदेशक रवि प्रकाश तिवारी, शिक्षा मंत्रालय से सुरेंद्र नायक, अखिल भारतीय तकनीक शिक्षा परिषद के असिस्टेंट डायरेक्टर जॉन बी डब्लू आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment