संचारी रोग नियंत्रण अभियान में हीट  स्ट्रोक पर भी रहेंगे सतर्क

जनपद में एक से 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान
नोएडा, 18 मार्च 2023। जनपद में एक से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसी बीच 17 से 30 अप्रैल तक दस्तक पखवाड़ा भी चलेगा। अभियान में इस बार मच्छर जनित रोगों के साथ हीट स्ट्रोक को लेकर भी सतर्कता बरती जाएगी। लोगों को इससे बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया-मौसम में बदलाव होते ही संक्रामक रोग बढ़ने लगते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए हर वर्ष की संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाता है। इस संबंध में शासन से दिशा निर्देश प्राप्त हो गए हैं। एक से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत 17 से 30 अप्रैल तक दस्तक पखवाड़ा चलाया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में 11 विभाग शामिल किये गये हैं। स्वास्थ्य विभाग मुख्य भूमिका में रहेगा। दस्तक पखवाड़े में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों, क्षय रोगियो, आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस) और सारी (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन) के लक्षण वाले रोगियों को चिन्हित कर उपचार उपलब्ध कराएंगी और एहतियात बताएंगी। इसके अलावा इस बार गर्मी को लेकर भी विशेष एहतियात बरता जाएगा। जल जनित और गर्मी के मौसम से संबंधित रोगों के विषय में व्यवहार परिवर्तन गतिविधियां संचालित की जाएंगी। दस्तक पखवाड़े में क्षय रोगी और कुपोषित बच्चे भी चिन्हित किए जाएंगे।  जहां मच्छरों का सामान्य से अधिक प्रजनन पाया जाएगा, वहां मलेरिया विभाग अन्य विभागों के सहयोग से मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित करेगा। डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों पर फोकस रहेगा।
शासन के निर्देशानुसार भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जनमानस के लिए शीतल एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर की व्यवस्था, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान डिस्प्ले, हीट वेव से बचाव के लिए उपायों का जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार, विद्यालयों में हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार प्रसार अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए किया जाना है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग,बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग,चिकित्सा शिक्षा विभाग,दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, सूचना विभाग, उद्यान विभाग सहभागिता करेंगे। इस संबंध में गत दिनों जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई विभागीय अधिकारियों की बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए निर्देश दिये गये। सभी विभागों से 23 मार्च तक कार्ययोजना सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts