कांग्रेस के कार्यक्रम पर सीएम योगी ने कसा तंज

 बोले- असत्य के मार्ग पर चलने वाला सत्याग्रह की बात नहीं कर सकता

लखनऊ।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नाम न लेकर इशारों-इशारों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजघाट पर सत्याग्रह करने की घोषणा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाला व्यक्ति सत्याग्रह नहीं कर सकता। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबने वाले लोग सत्याग्रह नहीं कर सकते। जातिवाद, भाषावाद, क्षेत्रवाद, को बढ़ावा देने वाले सत्याग्रह नहीं कर सकते।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपने सरकारी आवास पर स्थित पशुपालन विभाग के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर पशुपालन विभाग की 520 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंस के जरिए अब पशुपालकों को घर बैठे केवल एक कॉल करने पर अपने पशु का उपचार मिल सकेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो असत्य के मार्ग पर चलते हो, जिनकी कथनी करनी में फर्क हो और जो कहते कुछ हैं और करते कुछ हों उन पर भला कोई विश्वास क्यों करेगा।
उन्होंने कहा कि अब 1962 पर कॉल करके कोई भी पशुपालक इन एंबुलेंस का लाभ उठा सकता है। छह करोड़ पशुधन के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुविधा उत्तर प्रदेश के लिए उपलब्ध कराई इसके लिए हम आभारी हैं। पहले होता यह था कि यदि पशु बीमार है तो पशुपालक के लिए बहुत चिंता की बात होती थी। यदि पशु का एक्सीडेंट हो जाए तो उसे इधर उधर ले जाना बहुत ही मुश्किल था। अब प्रदेश को पांच जोन में बांटकर एंबुलेंस चलाई जाएंगी।
दो तरह से काम करेंगी यह एंबुलेंस
इस मौके पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि यह 520 एंबुलेंस दो तरह से काम करेंगे। 1962 पर कॉल करने पर इन एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। इनमें से आधी एंबुलेंस सुबह 10:00 बजे से 8:00 बजे तक इमरजेंसी सेवा में रहेंगी यानी पशुपालक के घर जाकर उपचार करेंगे और आधी एंबुलेंस सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित रूट पर जाएंगी और नियत स्थान पर खड़े होकर उपचार करेंगी। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ जोन में एंबुलेंस एक्टिव रहेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts