यूपी के एक्सप्रेस-वे पर आज  आधी रात से सफर  करना महंगा

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कार वालों को अब देने होंगे 10 रुपए एक्स्ट्रा, आधी रात से बढ़ जाएगा टोल

गाजियाबाद। यूपी  की सड़कों पर आज रात 12 बजे से सफर करना महंगा हो जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 31 मार्च की रात 12 बजे से टोल टैक्स में वृद्धि कर दी है। 10% तक रेट ज्यादा देने होंगे। दिल्ली से लखनऊ तक ज्यादातर टोल टैक्स पर रेट बढ़ाए गए हैं। इससे कई लाख वाहन चालकों पर इसका असर पड़ेगा।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर 10 फीसदी तक बढ़ा टोल

ये एक्सप्रेव-वे दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ तक जाता है। इस पर करीब 10 फीसदी टोल टैक्स बढ़ा है। कार वालों को अब 155 रुपए की जगह 160 रुपए देने होंगे। कॉमर्शियल चार पहिया वाहनों को 245 की जगह 260 रुपए, 6 टायर ट्रक और बसों को 545 रुपए चुकाने होंगे। बड़े कॉमर्शियल वाहनों का टोल ज्यादा बढ़ाया गया है। इस एक्सप्रेस-वे से रोजाना करीब 40 हजार वाहन गुजरते हैं, जिन पर टोल टैक्स वृद्धि की मार पड़ेगी।

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कार वालों को देने होंगे 10 रुपए एक्स्ट्रा

नेशनल हाईवे-9 (दिल्ली-लखनऊ हाईवे) पर भी टोल टैक्स में 10 से 45 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। कार वालों को अब 10 रुपए, बड़े वाहनों को 25 से 45 रुपए ज्यादा देने होंगे। मासिक पास पर भी 15 रुपए बढ़ाए गए हैं। इस हाईवे पर दिल्ली की तरफ से चलने पर छिजारसी, ब्रजघाट, जोया, कांठ पर टोल प्लाजा पड़ते हैं। इन सभी पर नई सूची लगा दी गई है।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर हैं 12 टोल

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे हरियाणा के कुंडली से शुरू होकर गाजियाबाद होते हुए पलवल तक जाता है। 83 किलोमीटर के इस एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर के हिसाब से ही टोल वसूला जाता है। यहां कुल 12 टोल प्लाजा हैं और 7 इंटरचेंज हैं। इस एक्सप्रेस-वे पर कार के लिए 12 पैसे, मिनी बस के लिए 20 पैसे, बस-ट्रक वालों के लिए 42 पैसे प्रति किलोमीटर टोल बढ़ाया गया है।

आगरा-दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों को देने होंगे 25 रुपए अधिक

आगरा-मथुरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी टोल टैक्स 5 से 6 फीसदी महंगा हुआ है। यहां मथुरा में महुवन और होडल के पास टोल टैक्स हैं। इस हाईवे पर फरह के पास महुअन और कोसीकलां-हरियाणा बॉर्डर पर होडल में टोल प्लाजा है।

रोजाना करीब 60 हजार वाहन चालकों को अब ज्यादा टैक्स चुकाना होगा। महुअन टोल पर अब कार वालों को 95 की जगह 100 रुपए चुकाने होंगे। हल्के व्यवसायिक वाहनों को 10 रुपए ज्यादा देने होंगे। वहीं ट्रक और बस के 15 रुपए, भारी वाहनों के 25 रुपए बढ़ाए गए हैं।

गाजियाबाद-बुलंदशहर-अलीगढ़ हाईवे पर भी देने होंगे 10 फीसदी एक्स्ट्रा

ये हाईवे गाजियाबाद से शुरू होकर बुलंदशहर होते हुए अलीगढ़ तक जाता है। इस पर भी करीब 10 फीसदी टोल शुल्क बढ़ा है। यहां पर दो टोल प्लाजा पड़ते हैं। एक बुलंदशहर के लुहारली में है और दूसरा अलीगढ़ के गभाना में है। गाजियाबाद से बुलंदशहर तक गड्ढों की भरमार है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts