पर्यावरण संरक्षण से होगा जीवन का संरक्षण - डॉ. अनिल प्रकाश जोशी
मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में पद्मश्री एवं पद्मभूषण पर्यावरणविद डा. अनिल प्रकाश जोशी का स्वागत किया गया। मुम्बई से देहरादून तक साइकिल के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता रैली निकाल रहे डा. अनिल प्रकाश जोशी ने सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचकर सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलेज के प्रांगण में वृक्षारोपण किया।मुख्य अतिथि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि प्रकृति को बचाने का उत्तरदायित्व हम सभी का है। उन्होंने कहा कि प्रगति के लिए इंसान प्रकृति को भूल रहा है, इसका परिणाम समय-समय पर भुगतना पड़ रहा है। डा. जोशी ने देश की आबोहवा एवं नदियों की खराब होती स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सबको मिलकर नदियों के संरक्षण पर काम करना होगा। यह किसी सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक देशवासी का काम है। उन्होंने छात्रों से अपील की वे एकजुट हों और प्रकृति को बचाने को आगे आएं।
डा. जोशी की इस साइकिल यात्रा का समापन नौ नवंबर को देहरादून में होगा। दो अक्टूबर को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा, सात राज्यों में लगभग 1600 किलोमीटर का सफर तय कर नौ नवंबर को देहरादून में समाप्त होगी।


No comments:
Post a Comment