दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण
ठंड की दस्तक के साथ हवा बेहद खराबनई दिल्ली (एजेंसी)।
आधा नवंबर बीत जाने के बाद ठंड ने आखिरकार दस्तक दे दी है। शनिवार की सुबह दिल्ली में इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रिकॉर्ड की गई। राजधानी में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम है। तापमान में कमी के कारण कनकनी बढ़ गई है।
वहीं, तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण का असर भी बढ़ने लगा है। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शनिवार सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 286 रहा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 24 नवंबर के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड में और इजाफा हो सकता है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह-सुबह ठिठुरन महसूस होने लगी है। साथ ही धुंध की मोटी चादर से विजिबिलिटी दर में भी कमी आई है। माना जा रहा है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट आई है।
No comments:
Post a Comment