छठ के दिन ही छिन गए मां के लाल

आजमगढ़ में डूबने से किशोर समेत दो की मौत
आजमगढ़ (विजय उपाध्याय)।
लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर सोमवार सुबह दो घरों के चिराग बुझ गए। छठ त्योहार की खुशियां मना रहे परिजनों का अब रो-रोकर बुरा हाल है। अलग- अलग हादसे में डूबने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य को बचा लिया गया।
पहली घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र की है। तमौली गांव निवासी राहुल (20) पुत्र हेमंत यादव की मां छठ का व्रत रखी थी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पूरा परिवार गांव स्थित तालाब पर गया था। सुबह लगभग पांच बजे राहुल तालाब में नहाने के लिए उतरा। अचानक वह गहरे पानी में समा गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की लेकिन असफल रहे।
दूसरी घटना अतरौलिया थाना क्षेत्र में छोटी सरयू नदी के किनारे हुई। भरसानी गांव के लोग छठ पूजा मनाने के लिए छोटी सरयू नदी तट पर गए हुए थे। इसी दौरान चार किशोर सुबह पांच बजे के लगभग नदी में नहाने उतर गए। चारों किशोरों में शामिल सत्यम यादव (16) नदी में डूबने लगा। साथ नहा रहे अनिकेत, अभिषेक व एक अन्य किशोर भी उसे बचाने की कोशिश में डूबने लगे।
शोर सुनकर घाट पर मौजूद कुछ युवक नदी में कूदे लेकिन तब तक सत्यम गहरे पानी में समा चुका था। बाकी तीन किशोरों को ग्रामीणों ने बचा लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts