शरदकालीन गन्ना बुवाई करें कृषक: उप गन्ना आयुक्त  

  ग्राम सेंदुआर में गन्ना कृषक गोष्ठी का आयोजन                                                                        

  गोरखपुर:- चीनी मिल पिपराइच के तत्वावधान में ग्राम सेंदुआर में कृषकों को शरद काल में गन्ने की बुआई करने हेतु प्रेरित करने के लिये गन्ना कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कृषकों को ट्रेंच विधि से गन्ना बोने व गन्ने के साथ सहफसली आलू, लाही, सब्जी आदि की फसल लेने के साथ ही  ड्रिप विधि से  गन्ने की सिंचाई के लाभ के बारे में बताया गया। उप गन्ना आयुक्त गोरखपुर उषा पाल ने गोष्ठी में कृषकों को जानकारी दी है कि शरद काल में गन्ना बोने से बसंत काल की तुलना में अधिक उपज प्राप्त होती है साथ ही  रोग कीट का प्रकोप भी कम होता है, उन्होने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को एक आँख वाले गन्ने की नर्सरी को तैयार करने व उसमें प्रयोग होने वाले केन कटर, कोकोपिट आदि को चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराये जाने के साथ महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाने की बात कही। ज़िला गन्ना अधिकारी गोरखपुर ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं व कृषकों के लिए चलायी जा रही विभिन्न गन्ना प्रतियोगिताओं की जानकारी कृषकों को दी साथ ही उसमें भाग लेने की अपील की। पिपराईच चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने पेराई सत्र 2022-2023 में पिपराइच मिल द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं से अवगत कराते हुए उसका हैण्ड बिल भी कृषकों के मध्य वितरित करवाया। उ. प्र. गन्ना किसान प्रशिक्षण संस्थान पिपराईच का सहायक निदेशक ने  शरद काल में गन्ने की खेती की तकनीकी जानकारी कृषकों को दी, उन्होने भूमि चयन, बीज उपचार, गन्ने की नवीन प्रजातियों में शीघ्र पकने वाली कोशा 13231 जल प्लावित क्षेत्र हेतु को.लक. 12207, कोशा 12209 (सामान्य) व ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई के बारे में बताया। आई एस जी एस के अधिकारी घनश्याम सिंह ने गन्ने के साथ सहफ़सली खेती के बारे में बताया। गोष्ठी की अध्यक्षता उप गन्ना आयुक्त परिक्षेत्र गोरखपुर  उषा पाल द्वारा की गई। जिला गन्ना अधिकारी, जगदीश चंद यादव, पिपराइच चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक अरविन्द कुमार, एस.सी.डी.आई पिपराईच अजीत कुमार पाण्डेय, गन्ना समिति पिपराईच सचिव गोपाल प्रसाद, चीनी मिल पिपराईच के उप महाप्रबन्धक घनश्याम सिंह, के साथ बढ़ी संख्या में पुरुष कृषकों के साथ महिला कृषक भी उपस्थित रही । उक्त जानकारी गोरखपुर के आर पी ओ उपेन्द्र सिंह ने दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts