पिठलोकर गांव में हुई इरशाद की मौत के मामले में नए सिरे से होगी जांच
पुलिस ने कब्र से निकालकर शव पोस्टमार्टम को भेजा
सरधना (मेरठ) थाना सरधना क्षेत्र के पिठलोकर गांव में 28 व 29 अगस्त की रात को हुई इरशाद की मौत के मामले में नए सिरे से जांच की जाएगी। डीएम के आदेश पर शनिवार को पुलिस ने इरशाद की कब्र खुदवाकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्यवाही तय की जाएगी। शनिवार को हुई कार्यवाही के दौरान कब्रिस्तान के बाहर सैंकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी। हर कोई मामले में खुलासे की उम्मीद जता रहा था।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर के जोला गांव के रहने वाले इरशाद उर्फ भूरा की शादी 17 साल पहले सरधना के पिठलोकर गांव की रहने वाली शाहजहां उर्फ भूरी से हुई थी। दोनों को दो बेटे और चार बेटियां मिलाकर कुल छः बच्चे भी हैं। काफी समय से इरशाद अपनी ससुराल पिठलोकर में ही रह रहा था। बीते माह 28 व 29 अगस्त की रात को इरशाद की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसके बाद ससुराल वालों ने बिना उसके परिजनों को बताए शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया था। घटना के बाद इरशाद के परिजन लगातार उसकी पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या के आरोप लगा रहे थे। इसी को लेकर उसके परिजन जिलाधिकारी मेरठ दीपक मीणा से मिले थे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी। डीएम के आदेश पर पुलिस ने नए सिरे से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इरशाद के शव को कब्र से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



No comments:
Post a Comment