संचारी रोग नियंत्रण अभियान का तीसरा चरण एक अक्टूबर से

-          अप्रैल और जुलाई में संचालित हो चुके हैं पहले दो चरण

-          7 से 21 अक्टूबर तक दस्तक पखवाड़ा का होगा आयोजन

-          कुपोषित बच्चे, बुखार, आईएलआई और टीबी रोगी होंगे चिन्हित

गाजियाबाद, 16 सितंबर, 2022। डेंगू और मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों के बढ़ते मामलों के मद्देनजर शासन ने अक्टूबर को संचारी रोग नियंत्रण माह के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में ‌सूबे के सभी जिलाधिकारियों को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन की ओर से पत्र भेजकर निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने बताया - जिलाधिकारी के जरिए शासन से निर्देश प्राप्त हो गए हैं और निर्देशों के क्रम में तैयारी भी शुरू कर दी गई है।  इस संबंध में जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डा. राकेश कुमार गुप्ता को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मलेरिया विभाग और संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग साफ सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव करा रहे हैं।

सीएमओ ने बताया शासन के निर्देश पर अक्टूबर माह के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर नगर विकास, पंचायती राज, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, कृषि विभाग, सिचाई विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, दिव्यांग कल्याण, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, वाणिज्यकर एवं मनोरंजन विभाग, नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाएंगे। उन्होंने बताया- इस वर्ष यह तीसरा अभियान होगा। इससे पूर्व अप्रैल और जुलाई में भी संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा चुका है। एक से 31 अक्टूबर तक संचालित होने वाले अभियान के बीच में सात से 21 अक्टूबर तक दस्तक पखवाड़ा होगा। 

दस्तक पखवाड़ा में आशा- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगी :

जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डा. राकेश गुप्ता ने बताया- सात से 21 अक्टूबर तक दस्तक पखवाड़ा के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर क्षय रोग के संभावित रोगियों के विषय में जानकारी जुटाएंगी। बुखार, आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस), कुपोषित बच्चों और घरों की सूची (जहां मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो) के साथ क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों की सूचना नाम, पता और मोबाइल नंबर समेत एएनम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय को देंगी। जहां मच्छरों का सामान्य से अधिक प्रजनन पाया जाएगा, वहां मलेरिया विभाग अन्य विभागों के सहयोग से मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित करेगा। गृह भ्रमण के दौरान डायरिया पीड़ितों को जिंक और क्लोरीन की गोलियों के साथ ही ओआरएस के पैकेट भी वितरित किए जाएंगे। 

जिलाधिकारी हर सोमवार को करेंगे अभियान की समीक्षा :

20 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक पखवाड़े के लिए ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित करने के निर्देश शासन से प्राप्त हुए हैं। खंड विकास अधिकारी और ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अन्य विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल होंगे। 22 सितंबर को जिला टास्क फोर्स की बैठक होगी। उसके बाद अभियान में शामिल विभागों का संवेदीकरण किया जाएगा। अभियान के दौरान हर सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अभियान की समीक्षा की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts