केसरिया रंग में रंगा हाइवे और सड़कें,कांवड़ियों की सेवा में जुट लोग

टी शर्ट से लेकर कांवड़ भी बुलडोजर में परिवर्तित 
मेरठ। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाईवे और सड़कें केसरिया रंग में रंगने लगे हैं। कांवड़ियों की सेवा में जनता ने पलक पांवड़े बिछा दिए हैं। भोजन, चाय, मेडिकल सेवा के शिविर लगातार खुलते जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। गंगनहर पटरी पर कांवड़ियों को सुरक्षा संबंधी व अन्य जानकारी दी जा रही है। इन सीसीटीवी कैमरों के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां कांस्टेबलों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ये कैमरों के माध्यम से मार्ग पर नजर रखे हुए हैं।
कांवड़ यात्रा में हर बार कुछ अलग रंग होते हैं। इस बार तिरंगा कांवड़ के साथ बुलडोजर हर जगह छाया है। टी शर्ट से लेकर कांवड़ भी बुलडोजर में परिवर्तित हो गई है। मेरठ में दिल्ली-देहरादून बाईपास सहित दिल्ली रोड पर कांवड़ियों का आगमन हो गया है। मोदीपुरम पल्लव टावर्स के साथ शोभापुर और दिल्ली रोड पर कांवड़ सेवा शिविर आरंभ हो गए हैं।
कांवड़ यात्रा के आरंभ होते ही शहर केसरिया रंग में रंगने लगा है। टी शर्ट पर मोदी और योगी की तस्वीरें हैं। टीशर्ट पर बुलडोजर के साथ कोटेशन पत्थर पूजने से भोले बाबा मिलते हैं और पत्थर फेंकने पर बुलडोजर बाबा मिलते हैं, लिखे गए हैं।
इस तरह की टी शर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र भी छापा है। इसके साथ हर हर महादेव, महाकाल, ऊं नम: शिवाय आदि की परंपरागत टीशर्ट भी बाजार में छाई हुई हैं। युवा इस तरह की टी शर्ट को खासा पसंद कर रहे हैं। शारदा रोड, सदर, सेंट्रल मार्केट, लालकुर्ती सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर अस्थाई दुकानें लगाकर बाजार में जबरदस्त सेल हो रही है।
सदर के मुस्लिम कारीगरों ने 12 फीट की बुलडोजर कांवड़ तैयार की है। बांस और लकड़ी का इस्तेमाल कर बुलडोजर तैयार किया गया है। गौरव ने बताया कि यह कांवड़ हिंदू मुस्लिम सौहार्द का प्रतीक है। कांवड़ के परंपरागत आकार में दो बुलडोजर को जोड़ा गया है।
101 फीट की तिरंगा कावड़ मेरठ की पहचान
मेरठ की 101 फीट की तिरंगा कावड़ की हरिद्वार से दिल्ली तक अलग पहचान है। 30 युवाओं की टीम शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन कर हरिद्वार के लिए रवाना हुई। देवेंद्र ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्र भावना होनी चाहिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts