विचारों को त्यागने वाले दलों का हो जाएगा खात्माः जेपी नड्डा

पटना (एजेंसी)।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को पटना में कहा कि देश में विचारों को त्यागने वाले राजनीतिक दलों का खात्मा हो जायेगा। रहेगी तो सिर्फ भाजपा। उन्होंने यह बात पटना में बिहार के विभिन्न जिलों में भाजपा के 16 कार्यालयों का उद्घाटन और 7 कार्यालयों का शिलान्यास करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि देश में भाजपा से लड़ने की क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची है। अब कोई राष्ट्रीय पार्टी इस स्थिति में नहीं रही जो भाजपा को मात दे सके। कांग्रेस अब विभिन्न राज्यों से भी उखड़ रही है। बिहार में राजद और अन्य क्षेत्रीय दलों के संबंध में उन्होंने कहा कि बिहार प्रजातंत्र की धरती है। यहां परिवारवाद के खिलाफ सिर्फ भाजपा ही लड़ सकती है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पारिवारिक पार्टी है। बिहार में राजद से हम लड़ रहे हैं जो एक परिवार की पार्टी है। ओडिशा में नवीन बाबू की पार्टी एक व्यक्ति की पार्टी है। महाराष्ट्र में शिवसेना जो अब समाप्ति की ओर है वह भी एक परिवार की पार्टी है। इसी तरह कांग्रेस भाई बहन की पार्टी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा वैचारिक पृष्ठभूमि वाली राजनीतिक पार्टी है। भाजपा आम जनता से जुड़ी हुई पार्टी है और विकास का पर्यायवाची है। विचार के आधार पर हम दक्षिण के राज्यों में भी कमल खिलाएंगे। कांग्रेस समेत अन्य दलों पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिनके पास विचार नहीं वे या तो समाप्त हो गए या फिर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम लोग वैचारिक पृष्ठभूमि के साथ खड़े हैं। अगर हमारे पास विचार नहीं होता तो हम इतनी बड़ी लड़ाई नहीं लड़ते। सब लोग मिट गये...समाप्त हो गये। जो नहीं मिटे हैं वह मिट जाएंगे । रहेगी तो सिर्फ भाजपा।
बिहार के जिलों में भाजपा कार्यालयों के उद्घाटन और शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि हमारे कार्यालय पावर जेनरेट करने के सेंटर बन गये है। लड़ाई कमिटमेंट से होती है, कमिटमेंट से ताकत पैदा होती है। उन्होंने कहा कि हमलोग कार्यालय बोलते हैं आफिस नहीं, कार्यालय संस्कार का केंद्र होता है। कार्यालय संस्कार का जीता जागता उदाहरण है। कार्यालय आकर लोग संस्कार सीखते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts